जनगणना पुस्तिका का कार्य त्रुटिरहित और समयबद्ध पूरा करें: डीएम
मंगलवार को बागेश्वर में जनगणना 2027 के तहत जिला जनगणना पुस्तिका तैयार करने के लिए एक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कार्य को पारदर्शिता और जिम्मेदारी से पूरा करने का निर्देश दिया। पुस्तिका में जिले के सांख्यिकीय व प्रशासनिक जानकारी संकलित की जाएगी, जो विकास योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण होगी।

देवेंद्र पांडे, बागेश्वर। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनगणना 2027 के तहत जिला जनगणना पुस्तिका तैयार करने को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने अधिकारियों और कर्मचारियों से जनगणना कार्य को गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और नीतिगत निर्णयों का आधार होते हैं। इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें। प्रशिक्षण के दौरान जिला जनगणना पुस्तिका के महत्व, संकलन प्रक्रिया, विभिन्न प्रपत्रों, कार्यप्रणाली और अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका व जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई। बताया गया कि पुस्तिका में जिले के प्रत्येक गांव और नगर से संबंधित सांख्यिकीय व प्रशासनिक जानकारी संकलित की जाती है।
यह शासन-प्रशासन, शोध और विकास योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण संदर्भ दस्तावेज के रूप में उपयोगी होती है। अधिकारियों से प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का प्रभावी उपयोग करते हुए जिला जनगणना पुस्तिका का कार्य समयबद्ध, त्रुटिरहित और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में जनगणना निदेशालय उत्तराखंड के जिला जनगणना समन्वयक हेमंत कुमार, प्रशिक्षक रविंद्र ग्वाल, सांख्यिकीय अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


