जनगणना 2027 का पहला चरण 23 राज्यों-केंद्रशासित प्रदेशों में पूरा
जनगणना 2027 के पहले चरण का मकान सूचीकरण और आवास जनगणना कार्य 23 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में पूरा हो चुका है। केरल और नागालैंड में स्व-गणना प्रक्रिया चल रही है, जबकि अन्य राज्यों में घर-घर जाकर जानकारी जुटाई जाएगी। यह जनगणना स्वतंत्रता के बाद देश की आठवीं जनगणना होगी।

नई दिल्ली, एजेंसी। जनगणना 2027 के पहले चरण यानी मकान सूचीकरण और आवास जनगणना का कार्य अब तक 23 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में पूरा हो चुका है। सरकार ने मंगलवार को यह जानकारी दी। सरकारी बयान के अनुसार, केरल और नागालैंड में 15 दिनों की स्व-गणना प्रक्रिया जारी है। इसके बाद एक जुलाई से 30 जुलाई तक घर-घर जाकर जानकारी जुटाने का कार्य किया जाएगा।हिमाचल प्रदेश में मंगलवार से इस चरण का मैदानी कार्य शुरू हुआ है। वहीं, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पुडुचेरी और उत्तर प्रदेश में यह प्रक्रिया पहले से चल रही है। सरकार ने बताया कि जिन लोगों ने स्व-गणना पूरी कर ली है, वे अपने द्वारा प्राप्त पहचान संख्या को सुरक्षित रखें और सत्यापन के दौरान गणनाकर्मी को उपलब्ध कराएं।
जिन परिवारों ने स्व-गणना नहीं की है, उनकी जानकारी गणनाकर्मी घर-घर जाकर एकत्र करेंगे। 11,718 करोड़ रुपये की लागत वाली जनगणना 2027 स्वतंत्रता के बाद देश की आठवीं जनगणना होगी। इसे दो चरणों में पूरा किया जा रहा है। पहला चरण मकान सूचीकरण और आवास जनगणना का है, जबकि दूसरा चरण जनसंख्या गणना का होगा।


