रविदास की 650वीं जयंती पर सभी प्रखंडों में निकलेगी कलश यात्रा
अरवल, निज संवाददाता।इसी कड़ी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने जयंती महोत्सव का पवित्र कलश भाजपा जिलाध्यक्ष सह बीस सूत्री उपाध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी को सौंपा।

अरवल, निज संवाददाता। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती समारोह को ऐतिहासिक और भव्य बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने जयंती महोत्सव का पवित्र कलश भाजपा जिलाध्यक्ष सह बीस सूत्री उपाध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी को सौंपा।
कलश का स्वागत
धर्मेंद्र तिवारी कलश लेकर अरवल पहुंचे, जहां जिले में श्रद्धा और उत्साह के माहौल के बीच उनका स्वागत किया गया। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग की जिला पदाधिकारी सुनैना कुमारी ने पवित्र कलश का विधिवत स्वागत किया। इसके बाद कलश को प्रसादी इंग्लिश स्थित संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ स्थापित किया गया।
सामाजिक समरसता का संदेश
कलश स्थापना के दौरान संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के सामाजिक समरसता, समानता, भाईचारे और मानवता के संदेश को स्मरण किया गया। उपस्थित लोगों ने उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का संकल्प लिया।
जयंती का महत्व
भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का जीवन समाज को समानता, सेवा और मानव कल्याण की प्रेरणा देता है। उनकी 650वीं जयंती केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता का महापर्व है। उन्होंने बताया कि यह पवित्र कलश अरवल जिले के सभी प्रखंडों का भ्रमण करेगा, जहां श्रद्धालु दर्शन-पूजन कर जयंती समारोह से जुड़ेंगे। इसके माध्यम से गुरु रविदास जी के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का अभियान चलाया जाएगा। इस अवसर पर जिला महामंत्री संगीता कुशवाहा,जिला मंत्री नितिश पासवान,जिला कार्यालय मंत्री धनंजय कुमार, अनुसूचित जाती मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रभु पासवान, मंडल अध्यक्ष जितेन्द्र कुशवाहा उपस्थित रहे। फोटो- 07 अगस्त अरवल- 17 कैप्शन- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने जयंती महोत्सव का पवित्र कलश शुक्रवार को भाजपा जिलाध्यक्ष सह बीस सूत्री उपाध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी को सौंपते।


