आपसी भाईचारे, मोहब्बत, इंसानियत और अमन के साथ जीवन जीने का लें संकल्प
हजरत पैगंबर मोहम्मद साहब का धूमधाम से मनाया जन्मदिवस नमाज, जुलूस के दौरान सतर्क रहा प्रशासन 26 सीएचआई-09: मुख्यालय कर्वी में वारावफात जुलूस में उमड़ी

चित्रकूट/राजापुर, संवाददाता। मुख्यालय कर्वी समेत तुलसी नगरी राजापुर, सीतापुर, बरगढ़ आदि जगह मुस्लिम समुदाय के लोगों ने हजरत पैगंबर मोहम्मद साहब का जन्मदिन धूमधाम के साथ मनाया। जगह-जगह विशेष नमाज अदा की गई। जिसमें मुल्क में अमन व शांति कायम रहने की दुआ की गई। इसके बाद वारावफात का जुलूस निकला। जिसमें मुस्लिमों के अलावा हिंदू भाइयों ने शामिल होकर आपसी सौहार्द व भाई-चारे का संदेश दिया। जुलूस के दौरान सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन सतर्क रहा। अधिकारी पुलिस टीमों के साथ निगरानी करते रहे।
वारावफात का जुलूस
बुधवार को मुख्यालय कर्वी, सीतापुर, निबुहा पुरवा सहित अन्य जगहों में वारावफात का जुलूस निकला। मुख्यालय से सटे तरौंहा में जुलूस के दौरान भीड़ रही। पुरानी बाजार इलाके में जुलूस के दौरान प्रशासन को रुट डायवर्जन करना पड़ा। मौलाना अबुल अहमद ने कहा कि वारावफात का आयोजन पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की याद में किया जाता है। इसी तरह ब्योहरा गांव के मुस्लिम पुरवा में भी जुलूस निकला। इस दौरान पैगंबर साहब की जिंदगी और उनकी शिक्षाओं का जिक्र किया गया। लोगों ने धार्मिक नारों व नात-ए-पाक के जरिए खुशी का इजहार किया। ईद मिलाद-उन-नबी का पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश देता है। तुलसी नगरी राजापुर में शाही मस्जिद से धार्मिक उत्साह व अकीदत के साथ जुलूस की शुरुआत हुई। डीजे की धुनों और नातिया कलाम के बीच जुलूस कस्बे के प्रमुख मार्गों सब्जी मंडी, सराय तलैया चौराहा, थाना रोड, काशी नगर, पश्चिम नाका आदि से होकर जुलूस निकला। जगह-जगह लड्डू, पुलाव व शरबत का वितरण हुआ। लोगों ने धार्मिक भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। अंजुमन गरीब अहले सुन्नत कमेटी के अध्यक्ष अतहर नईम ने कहा कि वारावफात का पर्व पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं को याद करने और उनके बताए रास्ते पर चलने का संदेश देता है। हमें आपसी भाईचारे, मोहब्बत, इंसानियत और अमन के साथ जीवन जीने का संकल्प लेना चाहिए। पैगंबर साहब की शिक्षा मानवता को प्रेम और शांति का संदेश देती हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष संजीव मिश्रा ने कहा कि तुलसी नगरी की पहचान हमेशा आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब के लिए रही है। जुलूस में वसीम कुरैशी, मो रफीक, मो साबिर अली, मिराजुल हक, वकीला परवीन, मो सफीक, मदार कुरैशी, लाली खान, मो रईस अहमद, मो नौशाद, मो अली आदि लोग शामिल रहे।
ईद-ए-मिलाद-उन-नबी पर निकला जुलूस
मऊ। कस्बे में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बड़ी मस्जिद से जुलूस निकाला। डीजे और धार्मिक नारों के साथ जुलूस प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। बाजार रोड, तहसील, शिवनगर और यमुना रोड होते हुए निकले जुलूस में सैकड़ों लोग शामिल हुए। जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया। धार्मिक झंडे जुलूस में लहराते रहे। लोगों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के बताए रास्ते पर चलने तथा आपसी भाईचारा, प्रेम और सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया। जुलूस में नगर पंचायत अध्यक्ष अमित द्विवेदी, अकबरी बेगम, बहादुर खान, चुन्ना खान, मो इदरीश, कैसर खान आदि शामिल रहे।
मस्जिद से धूमधाम के साथ निकला जुलूस, लहराए धार्मिक झंडे
मानिकपुर। कस्बे के सुभाष नगर मोहल्ला स्थित मस्जिद से जुलूस की शुरुआत हुई। पैगंबर साहब की शान में कविताएं पढ़ी गई। उनके बताए रास्ते पर चलने की लोगों को सीख दी गई। जुलूस महावीर नगर, मानिकपुर रूरल, मऊगढ़ी से होकर निकला। इसके बाद रेलवे स्टेशन से मुख्य चौराहा होते हुए सैय्यद बाबा में जुलूस का समापन किया गया। इस दौरान मंसूर खान, एजाज़ सिद्दीकी, अनीश अहमद, मोनू बाबा, खुर्शीद अहमद, सलमान खान, अकरम खान, समीर खान, सुरुरुल हसन सभासद, रईस अहमद आदि लोग मौजूद रहे।


