मेजर ध्यानचंद की जयंती पर पूर्व हॉकी खिलाड़ियों का सम्मान
गोकर्णनाथ में हॉकी जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस पर गोष्ठी हुई। कार्यक्रम की शुरुआत उनके चित्र पर पुष्पांजलि से हुई। मुख्य अतिथि विजय शुक्ला रिंकू ने मेजर ध्यानचंद की उपलब्धियों का जिक्र किया। पूर्व हॉकी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया, और उनके योगदान को सराहा गया।

गोला गोकर्णनाथ। नगर पालिका परिषद सभागार में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। मुख्य अतिथि पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने अपनी अद्भुत प्रतिभा और खेल कौशल के दम पर भारतीय हॉकी को विश्व पटल पर गौरव दिलाया। उनका जीवन आज भी देश के युवाओं और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। एसजीएफआई के हॉकी चयनकर्ता विश्वनाथ सिंह ने मेजर ध्यानचंद के खेल जीवन और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। पूर्व हॉकी खिलाड़ी राजेश गिरि एडवोकेट ने उनके जीवन संघर्ष और हॉकी के प्रति समर्पण की जानकारी दी।
भाजपा नगर अध्यक्ष विनोद स्वर्णकार ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन किया। गोष्ठी के संयोजक श्याममूर्ति शुक्ल ने कहा कि मेजर ध्यानचंद की जयंती को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाना उनके महान योगदान के प्रति देश की सच्ची श्रद्धांजलि है। कार्यक्रम के दौरान पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने नगर की हॉकी को अपनी प्रतिभा और योगदान से समृद्ध करने वाले पूर्व हॉकी खिलाड़ियों को अंगवस्त्र ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। सम्मानित खिलाड़ियों में नियामत उल्ला, विश्वनाथ सिंह, राममूर्ति शुक्ल, राजेश गिरि एडवोकेट, ईश्वरचंद्र तिवारी, डॉ. सूर्यप्रकाश वर्मा, लक्ष्मीचंद्र गुप्ता, श्याममूर्ति शुक्ल, प्रवेश कुमार, अख्तर अली और इसरार उल्ला खां शामिल थे। कार्यक्रम में सभासद आशीष अवस्थी, आनंद किशोर गिरि, रामचंद्र राठौर, खेल शिक्षक गोपाल सक्सेना, गुंजन मिश्रा, संदीप शुक्ला, शिव कुमार, सागर, शशिकांत, अक्षय, असद अंसारी, तोसीन अहमद, दिव्यांशु मौर्य, प्रशांत सिंह, विशाल शर्मा मौजूद थे।


