नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ जीवित्पुत्रिका का त्योहार, आज उपवास
जीवित्पुत्रिका व्रत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ। बोकारो-चास के बाजारों में महिलाओं ने पूजन सामग्री और फल-सब्जियों की खरीदी की। शनिवार को माताएं निर्जला उपवास रखेंगी, जबकि रविवार को इस पर्व का समापन होगा। खास सब्जियों की मांग ने दुकानदारों को व्यस्त रखा।

संतान की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना को लेकर मनाया जाने वाला जीवित्पुत्रिका व्रत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। पर्व को लेकर बोकारो-चास के बाजारों में दिनभर चहल-पहल रही। बोकारो शहर से लेकर चास, कसमार, चंदनकियारी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जितिया को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दुंदीबाद बाजार, जोधाडीह मोड़ सहित शहर के विभिन्न बाजारों में महिलाओं ने व्रत की तैयारियों के लिए पूजन सामग्री, फल और सब्जियों की जमकर खरीदारी की। शनिवार को माताएं निर्जला उपवास रखेंगी, जबकि रविवार को पारण के साथ तीन दिवसीय पर्व का समापन होगा। शुक्रवार सुबह महिलाओं ने स्नान आदि कर पारंपरिक रूप से नहाय-खाय की रस्म पूरी की। इसके बाद घरों में पर्व की अन्य तैयारियां शुरू हो गईं। बाजारों में ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचे। सब्जी मंडियों और दुकानों पर शाम तक भीड़ बनी रही। पर्व में उपयोग होने वाली विशेष सब्जियों और पूजन सामग्री की मांग बढ़ने से दुकानदार भी व्यस्त रहे。
विशेष सब्जियां मगंगी बिकी
जीवित्पुत्रिका व्रत को लेकर झींगा, कंदा, पोई साग, फूलगोभी और खीरा की मांग अधिक रही। बाजार में पर्व को लेकर डिमांड को देखते हुए शुक्रवार को बाजार में झींगा करीब 200 रुपये, कंदा 60 रुपये, पोई साग 200 रुपये, फूलगोभी 120 रुपये और खीरा 120 रुपये प्रति kilo बिका। वहीं झींगा का पत्ता 10 रुपये प्रति पीस की दर से बेचा गया। पर्व से जुड़ी सामग्री की बिक्री सामान्य दिनों की तुलना में अधिक रही।
आज माताओं का निर्जला उपवास
व्रत के दूसरे दिन शनिवार को महिलाएं संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर निर्जला उपवास रखेंगी। महिलाएं विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जीवित्पुत्रिका व्रत की कथा सुनेंगी। घरों में पूजा की विशेष तैयारी की गई है। कई परिवारों में महिलाएं सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की तैयारी करेंगी। पंडित श्रवण झा ने बताया कि जीवित्पुत्रिका व्रत माताएं अपनी संतान की दीर्घायु, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना से रखती हैं। रविवार को पारण के साथ व्रत का समापन होगा।


