जीवित्पुत्रिका व्रत कल, शाम 4:52 से 6:20 बजे तक पूजन मुहूर्त
कुशीनगर में जीवित्पुत्रिका व्रत शनिवार को 4:52 से 6:20 बजे तक मनाया जाएगा। माताएं इस व्रत को पुत्र की लंबी उम्र और स्वास्थ्य के लिए करती हैं। व्रत की तैयारी एक दिन पहले से शुरू होती है। पूजन में राजा जीमूतवाहन की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है।

कुशीनगर, मिथिलेश द्विवेदी। जीवित्पुत्रिका यानी जीउतिया व्रत इस बार शनिवार को रखा जाएगा। जीवित्पुत्रिका व्रत का पूजन शनिवार को शाम 4:52 बजे से 6:20 बजे तक किया जा सकता है। इस दौरान आर्द्रा नक्षत्र रहेगा। माताएं पुत्र की दीर्घायु, आरोग्य और कल्याण की कामना से यह व्रत करती हैं। व्रत को लेकर शहर से लेकर छोटे-छोटे कस्बों तक दही-चिउड़ा, फल एवं जीउतिया की दुकानें सज गयी हैं।
व्रत के तिथि और समय
महर्षि पाराशर ज्योतिष संस्थान न्यास के अध्यक्ष ज्योतिषाचार्य पं. राकेश पाण्डेय ने बताया कि यह व्रत आश्विन कृष्ण पक्ष की प्रदोष व्यापिनी अष्टमी तिथि को किया जाता है। निर्णयसिंधु के अनुसार प्रदोष काल में अष्टमी तिथि होने पर जीवित्पुत्रिका व्रत और पूजन करना श्रेष्ठ माना गया है। इस बार अपराह्न और प्रदोष काल में अष्टमी तिथि मिलने के कारण शनिवार को व्रत रखना उचित होगा। उन्होंने बताया कि व्रत की तैयारी एक दिन पहले से शुरू होती है।
पूजन विधि
महिलाएं ब्रह्ममुहूर्त में जल, अन्न और फल ग्रहण करने के बाद अगले दिन अष्टमी तिथि में पूरे दिन और रात निर्जला व्रत रखती हैं। शाम को राजा जीमूतवाहन की कुशा से निर्मित प्रतिमा पर जल, पंचामृत, रक्षासूत्र, चंदन, पुष्प, अक्षत, धूप, दीप और नैवेद्य अर्पित कर विधि-विधान से पूजन किया जाता है। पूजन में मिट्टी और गाय के गोबर से चील तथा सियारिन की प्रतिमा भी बनाई जाती है और उनके माथे पर लाल सिंदूर का टीका लगाया जाता है। पूजन के बाद जीवित्पुत्रिका व्रत की कथा सुनी जाती है।
व्रत का महत्त्व
मान्यता के अनुसार माताएं पुत्र की दीर्घायु, आरोग्य, यश और समृद्धि की कामना से श्रद्धा एवं निष्ठा के साथ यह व्रत करती हैं। पूजन और कथा श्रवण के बाद ब्राह्मण को दान-दक्षिणा देने की भी परंपरा है। महिलाएं अपने पुत्र और पौत्रों की दीर्घायु की कामना से इस व्रत को श्रद्धापूर्वक पूरा करती हैं। ज्योतिषाचार्य के अनुसार जीवित्पुत्रिका व्रत का पारण रविवार को सुबह 7:27 बजे के बाद करना श्रेयस्कर होगा。

