हिंदी पखवाड़ा पर काव्य-पाठ का आयोजन
राजकीय डिग्री महाविद्यालय, बरसंडा में हिंदी पखवाड़ा का आयोजन हुआ, जिसमें कविता पाठ कार्यक्रम गरिमामय तरीके से संपन्न हुआ। प्राचार्य, प्राध्यापक और छात्र उपस्थित थे। सहायक प्राध्यापक तनुज कुमार ने कात्यायनी की कविता ‘हॉकी खेलती लड़कियाँ’ पढ़ी, जबकि पूजा कुमारी ने ‘रश्मिरथी’ का पाठ किया। प्राचार्य ने साहित्य के महत्व पर जोर दिया।

टेटियाबंबर , एक संवाददाता । राजकीय डिग्री महाविद्यालय, बरसंडा में हिंदी पखवाड़ा के तहत गुरुवार को काव्य-पाठ कार्यक्रम का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में प्राचार्य, कार्यालय प्रधान, बर्सर और सभी प्राध्यापक उपस्थित रहे। संचालन डॉ. चुनचुन कुमार भारती ने किया। सहायक प्राध्यापक तनुज कुमार ने प्रसिद्ध कवयित्री कात्यायनी की चर्चित कविता ‘हॉकी खेलती लड़कियाँ’ का प्रभावशाली पाठ किया। उन्होंने कविता के माध्यम से स्त्री-सशक्तीकरण और आत्मविश्वास की चेतना को प्रस्तुत किया। इसके बाद सहायक प्राध्यापिका सुश्री पूजा कुमारी ने रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की कालजयी रचना ‘रश्मिरथी’ का ओजपूर्ण पाठ किया। उनके सस्वर पाठ ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।
निर्णायक मंडल में डॉ. रीना कुमारी, सुश्री शिप्रिका कुमारी और तनुज कुमार शामिल रहे। अंत में प्राचार्य डॉ. राकेश पासवान ने कहा कि कविता और साहित्य को जीवन-मूल्यों से जोड़ने की जरूरत है। उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी भाषा और साहित्य के प्रति रुचि विकसित करने का आह्वान किया।


