लखनऊ विश्वविद्यालय में गूंजा ‘वंदे मातरम्’, 80वें स्वतंत्रता दिवस पर कुलपति ने छात्रों से किया राष्ट्र निर्माण का आह्वान

हिन्दुस्तान, लखनऊ
Follow us on Google News
share

लखनऊ विश्वविद्यालय में स्वतंत्रता दिवस का 80वां पर्व धूमधाम से मनाया गया। कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने ध्वजारोहण किया। छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों के बीच उत्साह बना रहा। विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया गया। अंत में वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ समारोह समाप्त हुआ।

लखनऊ विश्वविद्यालय में गूंजा ‘वंदे मातरम्’, 80वें स्वतंत्रता दिवस पर कुलपति ने छात्रों से किया राष्ट्र निर्माण का आह्वान
लखनऊ विश्वविद्यालय में गूंजा ‘वंदे मातरम्’, 80वें स्वतंत्रता दिवस पर कुलपति ने छात्रों से किया राष्ट्र निर्माण का आह्वान

लखनऊ, प्रमुख संवाददाता। लखनऊ विश्वविद्यालय के मुख्य एवं द्वितीय परिसर में शनिवार को देश की आजादी का 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया गया। तिरंगे के रंगों से सजे विश्वविद्यालय परिसर में सुबह से ही देशभक्ति के गीतों और नारों की गूंज सुनाई देती रही। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने समारोह में भाग लिया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे परिसर में देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना दिखाई दी। समारोह की शुरुआत सुबह 8 बजे कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी द्वारा कैम्प कार्यालय में ध्वजारोहण के साथ हुई।

इसके बाद विभिन्न विभागों में विभागाध्यक्षों ने विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपस्थिति में तिरंगा फहराया। कुलपति ने महात्मा गांधी और देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और परिसर देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा。

कला संकाय में हुआ मुख्य समारोह

सुबह 9:15 बजे कला संकाय प्रांगण में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित किया गया। यहां कुलपति ने शिक्षकों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में उपस्थित छात्र-छात्राओं के बीच मुख्य ध्वजारोहण किया। इसके बाद डॉ.गरिमा सिंह के नेतृत्व में विद्यार्थियों और स्टाफ ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। राष्ट्रगान के दौरान पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति की भावना से सराबोर नजर आया।

छात्रों से राष्ट्र निर्माण में योगदान का आह्वान

कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने संबोधन के दौरान विद्यार्थियों को देश का भविष्य बताते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा प्राप्त करने के साथ युवाओं की जिम्मेदारी समाज और देश के प्रति भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आपसी सम्मान, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की।

कुलपति ने भारत की तकनीकी और आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए इसरो के अंतरिक्ष अभियानों, सेमीकंडक्टर उद्योग में बढ़ते कदमों, यूपीआई क्रांति और आरबीआई की मजबूत नीतियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से एक उभरती हुई आर्थिक और तकनीकी शक्ति के रूप में आगे बढ़ रहा है और इस यात्रा में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।

द्वितीय परिसर में नए कुलपति कार्यालय का उद्घाटन

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर द्वितीय परिसर के विद्यार्थियों को बड़ी सौगात देते हुए कुलपति ने नए कुलपति कार्यालय का उद्घाटन किया। उन्होंने घोषणा की कि वे सप्ताह में कम से कम दो दिन इस कार्यालय में बैठेंगे। इससे द्वितीय परिसर के विद्यार्थियों और स्टाफ को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए मुख्य परिसर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी तथा शिकायतों का मौके पर ही शीघ्र निस्तारण हो सकेगा। इस घोषणा का विद्यार्थियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।

समारोह का समापन डॉ. अनविता वर्मा के नेतृत्व में वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। कार्यक्रम में छात्र कल्याण अधिष्ठाता, विभिन्न संकायों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, प्रोफेसर, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और हजारों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अंत में विद्यार्थियों के बीच मिष्ठान वितरण किया गया।

FAQ

स्वतंत्रता दिवस कब मनाया गया?
स्वतंत्रता दिवस का 80वां पर्व शनिवार को मनाया गया।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsलखनऊ विश्वविद्यालय में गूंजा ‘वंदे मातरम्’, 80वें स्वतंत्रता दिवस पर कुलपति ने छात्रों से किया राष्ट्र निर्माण का आह्वान