25 सितंबर को एक साथ गूंजेगा वंदे मातरम्, चल रहा सामूहिक गान का पूर्वाभ्यास
एक साथ गूंजेगा वंदे मातरम्, चल रहा पूर्वाभ्यास फोटो भवनाथपुर एक: सरस्वती

भवनाथपुर, प्रतिनिधि। वंदे मातरम् के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में ‘नमामि भारतम्–वंदे मातरम्’ सामूहिक गान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर समेत चार शिक्षण संस्थानों में छात्र-छात्राओं और अन्य प्रतिभागियों को सामूहिक गान का नियमित पूर्वाभ्यास कराया जा रहा है। अगले 25 सितंबर को सामूहिक गान होगा। मंगलवार को सरस्वती शिशु विद्या मंदिर भवनाथपुर टाऊनशिप में कार्यक्रम को लेकर प्रेसवार्ता हुई। प्रधानाचार्य रमेश कुमार उपाध्याय ने कार्यक्रम की रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ महज गीत नहीं, बल्कि मातृभूमि के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय चेतना और राष्ट्रभक्ति की भावना का प्रतीक है।
उन्होंने कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार में मीडिया से सहयोग की अपील की। कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के अलावा झगराखांड़ प्राथमिक विद्यालय, बीएसएम कॉलेज और डीएवी स्कूल में भी पूर्वाभ्यास कराया जा रहा है। विद्यालयों में भैया-बहन सहित अन्य प्रतिभागी उत्साह के साथ सामूहिक गान का अभ्यास कर रहे हैं। आयोजन में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जा रहा है। प्रेसवार्ता के बाद विद्यालय कर्मियों और मीडिया प्रतिनिधियों ने एक साथ वंदे मातरम् का सामूहिक गान किया। राष्ट्रगीत के सामूहिक स्वर से पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से सराबोर हो गया। मौके पर विद्यालय कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष अरविंद प्रताप सिंह सेंगर, सह-सचिव उज्ज्वल जायसवाल, मीडिया प्रमुख अदिति पाठक, सह-प्रमुख निशांक मिश्रा, कार्यालय प्रमुख उज्ज्वल कुमार, सह-प्रमुख पूर्णिमा सिंह समेत अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

