ग्रेजुएट कॉलेज में मनाई गई गोस्वामी तुलसीदास की जयंती
जमशेदपुर के ग्रेजुएट कॉलेज के हिन्दी विभाग में संत-कवि गोस्वामी तुलसीदास की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्या डॉ. वीणा सिंह प्रियदर्शी ने की। मुख्य वक्ता डॉ. राकेश कुमार पांडेय ने तुलसीदास की रचनाओं के महत्व पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों को उनके जीवन-मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

जमशेदपुर। ग्रेजुएट कॉलेज के हिन्दी विभाग में बुधवार को मध्यकालीन भक्ति काव्य के महान संत-कवि गोस्वामी तुलसीदास की जयंती मनाई गई। प्राचार्या डॉ. वीणा सिंह प्रियदर्शी ने चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि तुलसीदास की रचना रामचरितमानस घर-घर में लोकप्रिय है, जो उनकी महानता का परिचायक है। मुख्य वक्ता डॉ. राकेश कुमार पांडेय ने कहा कि तुलसीदास ने सांस्कृतिक संकट के दौर में श्रीरामचरितमानस के माध्यम से समाज को मर्यादा और लोक-मंगल का सूत्र दिया। उन्होंने जनभाषा अवधी और ब्रज को अपनाकर ज्ञान को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया। आज के उपभोक्तावादी युग में उनके पारिवारिक आदर्श और मूल्य मानवीय रक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
अध्यक्षता करते हुए विभागाध्यक्ष डॉ. भारती कुमारी ने छात्राओं को उनके जीवन-मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी। संचालन प्रेरणा बारीक और धन्यवाद ज्ञापन सुनीता गिरी ने किया। इस दौरान विभाग की अनेक छात्राएं उपस्थित रहीं।


