डॉ. शारदा सिन्हा को दी संगीतमय श्रद्धांजलि
राजीव रंजन झा, दरभंगा। लनामिवि के संगीत एवं नाट्य विभाग ने पद्मविभूषण डॉ. शारदा सिन्हा की 74वीं जयंती मनाई। शिक्षकों और छात्रों ने श्रद्धांजलि देते हुए उनके लोकप्रिय लोकगीतों की प्रस्तुति की। विभागाध्यक्ष प्रो. लावण्य कीर्ति सिंह ने डॉ. सिन्हा के योगदान को सराहा।
राजीव रंजन झा,दरभंगा। लनामिवि के स्नातकोत्तर संगीत एवं नाट्य विभाग में गुरुवार को पद्मविभूषण डॉ. शारदा सिन्हा चेयर के तत्वावधान में उनकी 74वीं जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। विभागीय शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने डॉ. सिन्हा के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर विभागीय छात्र-छात्राओं ने शारदा सिन्हा के लोकप्रिय एवं कालजयी लोकगीतों की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर उन्हें संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित की। विद्यार्थियों ने केलवा के पात पर..., जगदंबा घर में दियरा..., आठ ही काठ के... तथा हे गंगा मैया... सहित उनके प्रसिद्ध गीतों की प्रस्तुति दी। गीतों के माध्यम से विद्यार्थियों ने बिहार की समृद्ध लोक-संगीत परंपरा और शारदा सिन्हा के अतुलनीय योगदान का स्मरण किया।इस
अवसर पर विभागाध्यक्ष सह ललित कला संकायाध्यक्ष प्रो. लावण्य कीर्ति सिंह काव्या ने कहा कि यह विभाग के लिए अत्यंत गौरव की बात है कि पद्मविभूषण डॉ. शारदा सिन्हा ने इसी विभाग से पीएचडी की उपाधि प्राप्त की थी और आज उनके नाम से विभाग में चेयर स्थापित है। कहा कि उनकी गायकी में बिहार की लोक संस्कृति, परंपरा और जनजीवन की सहज अभिव्यक्ति देखने को मिलती है। उनके गीतों ने बिहार की लोक-संगीत परंपरा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में विभागीय शिक्षक डॉ. पुष्कर झा, डॉ. अभिषेक स्मिथ सहित शोधार्थी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

