एमबीबीएस छात्र-छात्राओं ने किया डॉक्टरों और शिक्षकों का सम्मान
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, मुक्तकंठ से चिकित्सकों ने छात्र-छात्राओं की सराहना एमबीबीएस छात्र-छात्राओं ने किया डॉक्टरों और शिक्षकों का सम्म

शिक्षाविद एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस (शिक्षक दिवस) के अवसर पर केएम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान एमबीबीएस बैच 2022 के छात्र-छात्राओं ने अपने डॉक्टरों और शिक्षकों को कलम तथा गुलाब का फूल भेंट कर सम्मानित किया। शुभारंभ मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एनसी प्रजापति, प्रति कुलपति एवं मेडिकल प्राचार्य डॉ. शरद अग्रवाल, रजिस्ट्रार डॉ. पूरन सिंह तथा चांसलर सलाहकार डॉ. एसपी गोस्वामी द्वारा डॉ. राधाकृष्णन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन हॉस्पिटल की जनरल मैनेजर स्वाती शर्मा ने किया। डॉ. एनसी प्रजापति कुलपति ने कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहते बल्कि वे विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों की भावना विकसित कर उन्हें एक सफल चिकित्सक बनाते हैं।
डॉ. शरद अग्रवाल ने छात्र-छात्राओं से पढ़ाई और व्यक्तित्व विकास के प्रति सजग रहने का आह्वान करते हुए कहा कि कठिन मेहनत और अनुशासन से ही एक बेहतरीन चिकित्सक बना जा सकता है। डॉ. पूरन सिंह ने कहा शिक्षक हमारा मार्गदर्शन करते हैं। डॉ. एसपी गोस्वामी (चांसलर सलाहकार) ने कहा कि पुस्तकें विभिन्न संस्कृतियों को जोड़ने का माध्यम हैं।


