छात्राओं ने बनाई मनमोहक राखियां, दिखाई प्रतिभा
वीएसडी पब्लिक स्कूल, बिजनौर में रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर कक्षा 1 से 12 के छात्रों के लिए राखी बनाने की गतिविधि का आयोजन किया गया। बच्चों ने रंग-बिरंगी राखियां बनाईं, जिससे विद्यालय का वातावरण प्रेम और खुशी से भर गया। प्रधानाचार्य ने रक्षाबंधन के महत्व पर प्रकाश डाला।

वीएसडी पब्लिक स्कूल, बिजनौर के प्रांगण में भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास के पावन पर्व रक्षाबंधन के अवसर पर कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए राखी मेकिंग एक्टिविटी का आयोजन बड़े उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन करते हुए अनेक रंगों से सजी आकर्षक एवं मनमोहक राखियां बनाईं। रंग-बिरंगी राखियों से विद्यालय का वातावरण प्रेम, खुशी और उत्साह से भर उठा। विद्यालय के प्रधानाचार्य विनय चौधरी ने विद्यार्थियों को रक्षाबंधन के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन केवल कलाई पर बांधा जाने वाला एक धागा नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास, अपनापन और जीवनभर एक-दूसरे के साथ खड़े रहने का पवित्र वचन है।
विद्यालय की उपप्रधानाचार्या अंजुम इरफाना ने भाई-बहन के अनमोल रिश्ते की भावनात्मक महत्ता को समझाते हुए कहा कि भाई-बहन का रिश्ता जीवन के सबसे प्यारे रिश्तों में से एक है, जिसमें छोटी-छोटी नोकझोंक के पीछे भी असीम प्रेम और एक-दूसरे के प्रति गहरा लगाव छिपा होता है।


