रेशम की डोर से आज बंधेगा भाई-बहन का अटूट प्यार
रक्षाबंधन पर भाई-बहनों के रिश्तों की खूबसूरत यादें ताजा होंगी। बहनें भाइयों की कलाई पर प्रेम की राखी बांधेंगी। इस वर्ष रक्षाबंधन 28 अगस्त को मनाया जाएगा। शुभ मुहूर्त सुबह 5:57 से 9:48 तक है। इस दौरान भद्रा का प्रभाव नहीं होगा।

बचपन की नोकझोंक, छोटी-छोटी शरारतें और एक-दूसरे के लिए ढेर सारा प्यार…। भाई-बहन के रिश्ते की यही खूबसूरत यादें रक्षाबंधन के साथ फिर ताजा हो उठेंगी। बहन के हाथों से भाई की कलाई तक पहुंचने वाली राखी महज एक धागा नहीं, बल्कि स्नेह, विश्वास और जीवनभर साथ निभाने का भाव है। शुक्रवार को रक्षाबंधन पर बहनें अपने भाइयों की कलाई पर प्रेम और विश्वास की राखी बांधेंगी, वहीं भाई भी बहनों की खुशियों और सम्मान की रक्षा का संकल्प लेंगे। घर-आंगन में मिठास घुलेगी और वर्षों पुराना यह रिश्ता एक बार फिर प्रेम व स्नेह की डोर से और मजबूत होगा。
रक्षाबंधन की तिथि और समय
आज सुबह 9:48 बजे तक पूर्णिमा
पंचांग के अनुसार पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त की सुबह 09:09 बजे से शुरू हुई, जो 28 अगस्त की सुबह करीब 9:48 बजे तक रहेगी। इसके बाद प्रतिपदा तिथि शुरू हो जाएगी। इसलिए उदया तिथि में रक्षाबंधन 28 को मनाई जाएगी। ज्योतिषशास्त्र के अनुसार रक्षाबंधन का उत्तम मुहूर्त सुबह 5.57 बजे से 9.48 बजे तक है। हालंकि पूरे दिन राखी बांधी जा सकती है। अच्छी बात है कि इस वर्ष रक्षाबंधन में भद्रा का प्रभाव नहीं है।
रखी बांधने का मुहूर्त
रक्षाबंधन का शुभ मुहूर्त: सुबह 5:57 से सुबह 09:48 तक
शुभ चौघड़िया: दिन 11:45 से सुबह 01:19 तक
संध्या बेला में : शाम 04:28 से शाम 06:02 तक
वर्जित समय (राहुकाल): सुबह 10:11 से दोपहर 11:45 बजे तक (इस दौरान राखी बांधने से बचें)


