राष्ट्रीय खेल दिवस पर जेए नेशनल एकेडमी में हुईं खेल प्रतियोगिताएं
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जेए नेशनल एकेडमी में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मेजर ध्यानचंद की जयंती मनाई। रेड हाउस ने सीनियर वॉलीबॉल फाइनल जीता, जबकि अन्य खेलों में भी विभिन्न हाउसों ने सफलता प्राप्त की। विद्यालय प्रबंधन ने खेलों के महत्व पर जोर दिया।

शामली। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सोंता रसूलपुर स्थित जेए नेशनल एकेडमी में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग करते हुए खेल भावना का परिचय दिया। इस दौरान विद्यालय परिवार ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। प्रतियोगिताओं के तहत सीनियर वॉलीबॉल के फाइनल मुकाबले में रेड हाउस ने ब्लू हाउस को हराकर खिताब अपने नाम किया। जूनियर वॉलीबॉल में ब्लू हाउस विजेता रहा। सीनियर बैडमिंटन में ग्रीन हाउस, जूनियर बैडमिंटन में येलो हाउस, सीनियर टग ऑफ वॉर में ग्रीन हाउस तथा जूनियर टग ऑफ वॉर में रेड हाउस ने बाजी मारी।
कबड्डी प्रतियोगिता में भी रेड हाउस विजेता रहा।विद्यालय प्रबंधक मास्टर जाहिद ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यालय परिवार की ओर से विजेता और प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें भविष्य में भी खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान प्रधानाचार्य, कोच और विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।


