खेल दिवस : प्रतियोगिताओं की रही धूम, खिलाड़ियों ने दिखाया दम
-डीएम ने खेल भवन में मेजर ध्यानचंद को दी श्रद्धांजलि, योग कार्यक्रम में लिया भाग, राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हॉकी के महान खिलाड़ी एवं देश के गौरव मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर आरा शहर के खेल...

-डीएम ने खेल भवन में मेजर ध्यानचंद को दी श्रद्धांजलि, योग कार्यक्रम में लिया भाग - युवाओं को खेल एवं योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने को प्रेरित किया आरा, हमारे संवाददाता। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हॉकी के महान खिलाड़ी एवं देश के गौरव मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर आरा शहर के खेल भवन में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन शनिवार को किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम मनेश कुमार मीणा की ओर से मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत डीएम की ओर से योग कार्यक्रम में भाग लेकर उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं खेल प्रतिभागियों के साथ योगाभ्यास किया गया। उन्होंने युवाओं को खेल एवं योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान डीएम ने बताया कि मेजर ध्यानचंद का जीवन खेल के प्रति समर्पण, अनुशासन और देश के लिए गौरव हासिल करने की प्रेरणा देता है। राष्ट्रीय खेल दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का अवसर है। हमारा प्रयास है कि जिले के बच्चों और युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा को निखारने के लिए बेहतर अवसर और अनुकूल वातावरण मिले।
डीएम ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया
स्थानीय सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय और टाउन प्लस टू विद्यालय में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में डीएम मनेश कुमार मीणा तथा उनकी धर्मपत्नी संगीता मीणा की उपस्थिति रही। इस दौरान डीएम का गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद अतिथियों की ओर से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। साथ ही राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर कबड्डी, वॉलीबॉल, दौड़, गोला फेंक एवं स्किपिंग रोप सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं, मार्शल आर्ट वुशु के प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी कला एवं कौशल का प्रदर्शन किया, जिसकी सराहना की गई। डीएम ने विद्यालय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर बल दिया। वहीं विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को मेडल तथा विजेता एवं उपविजेता टीमों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। वुशु में ब्रजेश एवं मानसी, कबड्डी में सुमीत, जयकिशन एवं रवि, दौड़ प्रतियोगिता में मोहम्मद हसन, स्किपिंग रोप में प्रिया तथा गोला फेंक में लालजी सहित अन्य उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। कबड्डी एवं वॉलीबॉल की विजेता एवं उपविजेता टीमों को भी शील्ड प्रदान किया गया। - महाराजा कॉलेज में दिखा हॉकी का जोश, डीएम ने किया शुभारंभ राष्ट्रीय खेल दिवस पर महाराजा कॉलेज परिसर में हॉकी मैच का आयोजन शनिवार को किया गया। डीएम मनेश कुमार मीणा की ओर से खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर भोजपुर और पटना की बालिका हॉकी टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। दोनों टीमों की खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। ---------------------------------------- मेजर ध्यानचंद के जयंती पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आरा, हिप्र। शहर के हित नारायण क्षत्रिय प्लस टू स्कूल के प्रांगण में शनिवार को मेजर ध्यानचंद की जयंती पर आयोजित राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के मौके पर खेल उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के शारीरिक और मानसिक विकास को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ सभी प्रतियोगिताओं में भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य डॉ अशोक कुमार सिंह ने हॉकी के जादूगर महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। विद्यालय के शारीरिक शिक्षक कुसुमाकर व एनसीसी पदाधिकारी धनंजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन और दौड़ प्रतियोगिताएं हुईं। छात्र-छात्राओं ने सभी स्पर्धाओं में उत्साह और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन में शिक्षक डॉ नीरज कुमार तिवारी, राजेश कुमार चौधरी, डॉ एलबी सिंह, वीरेंद्र कुमार चौधरी, डॉ बिनोद कुमार, संजय कुमार सिंह ने रेफरी व निर्णायक की भूमिका निभाते हुए सहयोग किया। मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


