शैक्षणिक संस्थानों ने स्वस्थ आयु के लिए योग का दिया संदेश
रांची में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विभिन्न विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में योग आधारित कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रतिभागियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया और योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। शिक्षकों और विद्यार्थियों ने योग को शारीरिक और मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

रांची, विशेष संवाददाता। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को राजधानी रांची के विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और विभिन्न शैक्षणिक-सामाजिक संस्थानों में योग आधारित कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस वर्ष के थीम- स्वस्थ आयु के लिए योग, को केंद्र में रखते हुए प्रतिभागियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रमों में कुलपति, निदेशक, प्राचार्य, शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी, एनसीसी कैडेटों और एनएसएस स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वक्ताओं ने योग को सिर्फ शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के समन्वित विकास का माध्यम बताते हुए इसके नियमित अभ्यास पर बल दिया। विभिन्न संस्थानों में योगासन, प्राणायाम, ध्यान और स्वास्थ्य जागरुकता सत्र आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की.
डीएसपीएमयू में योग को जीवनशैली बनाने का आह्वान
डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू), रांची में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन योगिक साइंस विभाग के तहत में सुबह सात बजे किया गया। कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों व अधिकारियों साथ योगाभ्यास किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 के थीम- स्वस्थ आयु के लिए योग, वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक है। कहा कि योग एक पूर्ण विज्ञान है, जिसका उद्देश्य शरीर, मन और आत्मा का सामंजस्यपूर्ण विकास करना है। उन्होंने शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों से योग को नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आग्रह किया। कुलपति ने यह भी घोषणा की कि विश्वविद्यालय के योगिक साइंस विभाग के विस्तार की योजना बनाई जा रही है, ताकि भविष्य में योग दिवस और व्यापक स्तर पर आयोजित किया जा सके। विभाग की शिक्षिका मिनी सहाय ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। विभाग की समन्वयक डॉ अपर्णा सिन्हा ने भी योग की उपयोगिता पर चर्चा की। कार्यक्रम में डॉ ईश्वरी प्रसाद गुप्ता, डॉ अनुपम कुमार, डॉ जीसी बास्के समेत बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी शामिल हुए.
आईआईएम रांची में योग से अनुशासन व स्वास्थ्य का संदेश
भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), रांची में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन के साथ हुई। इसके बाद आयोजित योग सत्र में विद्यार्थियों, प्राध्यापकों और कर्मचारियों ने भाग लिया। विवेकानंद केंद्र, रांची के डॉ अंजेश कुमार ने योग के शारीरिक व मानसिक लाभों पर जानकारीदी। योग प्रशिक्षक डॉ विश्वजीत वर्मा और प्रदीप कुमार ने विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। निदेशक प्रो दीपक कुमार श्रीवास्तव ने सभी को संतुलित और स्वस्थ जीवनशैली के लिए नियमित योग अपनाने का संदेश दिया और प्रशिक्षकों और अतिथियों को सम्मानित किया.
संत जेवियर्स कॉलेज में एनसीसी की पहल पर योगाभ्यास
संत जेवियर्स कॉलेज, में एनसीसी की 1/3 कंपनी और आईक्यूएसी की ओर से योग दिवस मनाया गया। प्राचार्य फादर रॉबर्ट प्रदीप कुजूर, एएनओ डॉ प्रिया श्रीवास्तव सहित शिक्षकों ने योग के महत्व पर बात की। योग सत्र का संचालन योगासन खिलाड़ी लेखराज आनंद नायक ने किया। लगभग 80 एनसीसी कैडेट, एनएसएस स्वयंसेवक, शिक्षक व कर्मचारियों ने योगाभ्यास और प्राणायाम में भाग लिया.
जेएन कॉलेज में सामूहिक योगाभ्यास
जेएन कॉलेज, धुर्वा में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन प्राचार्या डॉ शम्शुन नेहार के नेतृत्व में हुआ। विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। प्राचार्या ने कहा कि योग मानसिक एकाग्रता, शारीरिक ऊर्जा और स्वस्थ जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है। मौके पर विभिन्न योगासनों व प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। विश्व शांति की प्रार्थना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ.
योगदा सत्संग इंटर कॉलेज में योग के महत्व पर चर्चा
योगदा सत्संग इंटरमीडिएट कॉलेज, जगन्नाथपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य राजीव मिश्रा, वाईएसआईएम के सहायक सचिव रवि प्रताप सिंह और शिक्षकों-कर्मचारियों की उपस्थिति में योग प्रशिक्षिका प्रिया राय और योग प्रशिक्षक राजेश ने योगाभ्यास कराया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों की एकाग्रता, स्मरण शक्ति और अनुशासित जीवनशैली में योग की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की.
बीआईटी लालपुर में एनएसएस के तहत योग कार्यक्रम
बीआईटी लालपुर में एनएसएस के तहत में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। निदेशक डॉ विजय कुमार झा ने योग को जीवन का नियमित अभ्यास बताते हुए इसे स्वास्थ्य संरक्षण का प्रभावी माध्यम कहा। एनएसएस संयोजक डॉ अभय रंजन श्रीवास्तव ने युवाओं और बच्चों की भागीदारी की सराहना की। कार्यक्रम में शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और स्थानीय बच्चों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया.
विवेकानंद यूथक्वेक फाउंडेशन के कार्यक्रम में 500 युवाओं ने किया योग
विवेकानंद यूथक्वेक फाउंडेशन व माय भारत के सहयोग से आरसी अकादमी में योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। लगभग 500 युवाओं ने सामूहिक योगाभ्यास किया और वर्ष 2047 तक विकसित भारत निर्माण का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी उपस्थित थे। उन्होंने युवाओं को योग को दैनिक जीवन में अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया.
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र का योग जागरुकता कार्यक्रम
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र, क्षेत्रीय केंद्र रांची व बालिका शिक्षा भवन उच्च विद्यालय, लालपुर की ओर से योग दिवस पर रविवार को योग जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्षेत्रीय निदेशक और अन्य वक्ताओं ने योग को भारतीय ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर बताया। योग प्रशिक्षिका रजनी सेन ने ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया और उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.


