हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को किया नमन
चन्दौसी में महापुरुष स्मारक समिति और सर्व समाज जागरूकता अभियान के संयुक्त तत्वावधान में हॉकी के जादूगर पद्मभूषण मेजर ध्यानचंद की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम में दीप प्रज्वलित कर उनकी उपलब्धियों पर चर्चा की गई। मेजर ध्यानचंद ने भारतीय हॉकी को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाते हुए टीम को तीन बार ओलंपिक स्वर्ण पदक दिलवाने में योगदान दिया।

चन्दौसी। महापुरुष स्मारक समिति एवं सर्व समाज जागरूकता अभियान के संयुक्त तत्वावधान में छोटेलाल कालोनी स्थित एक स्कूल में हॉकी के जादूगर पद्मभूषण मेजर ध्यानचंद की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कवि माधव मिश्र ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने भारतीय हॉकी को विश्व में नई पहचान दिलाई। उन्होंने भारतीय टीम को तीन बार ओलंपिक में स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी जयंती को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने खिलाड़ियों को अर्जुन व द्रोणाचार्य पुरस्कार दिए जाने को प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन बताया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य राजेश कुमार, ममता मौर्य, अल्का सक्सेना, आरती श्रीवास्तव, बानी वार्ष्णेय, रेनू शर्मा, प्रियंका, निधि व किरन आदि मौजूद रहीं।


