सावन की हरियाली में सजेगा सुहाग का पर्व, 15 को हरियाली तीज
हरियाली तीज का पर्व 15 अगस्त को मनाया जाएगा, जिसमें महिलाएं व्रत रखकर भगवान शिव, माता पार्वती और गौर-गणेश की पूजा करेंगी। इस दिन को लेकर महिलाओं में उत्साह है और वे हरे वस्त्र, चूड़ियों और शृंगार सामग्री की खरीदारी कर रही हैं। यह पर्व दांपत्य सुख और अखंड सौभाग्य की कामना का प्रतीक है।

सावन की हरियाली के बीच सुहाग, शृंगार और आस्था का पर्व हरियाली तीज इस वर्ष 15 अगस्त, शनिवार को मनाया जाएगा। सावन मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाए जाने वाले इस पर्व को लेकर महिलाओं में उत्साह है। अखंड सौभाग्य, पति की दीर्घायु और सुखी दांपत्य जीवन की कामना के साथ सुहागिनें व्रत रखकर भगवान शिव, माता पार्वती और गौर-गणेश की आराधना करेंगी। तीज को लेकर महिलाओं ने गुरुवार को पूजन सामग्री, हरे परिधान, चूड़ियों, मेहंदी और शृंगार सामग्री की खूब खरीदारी की। पंचांग के अनुसार इस वर्ष सावन शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि 14 अगस्त की शाम से शुरू होकर 15 अगस्त की शाम तक रहेगी। उदया तिथि के आधार पर हरियाली तीज का व्रत 15 अगस्त को रखा जाएगा।
मिट्टी के शिव-पार्वती की होगी पूजा
हरियाली तीज मुख्यरूप से मारवाड़ी समाज की महिलाओं का प्रमुख पर्व रहा है, लेकिन अब इसकी परंपरा अन्य समाज में भी तेजी से बढ़ रही है। मारवाड़ी महिला समिति की अध्यक्ष अनीता मुकिम बताती हैं कि सुहागिनें इस दिन सोलह शृंगार कर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करती हैं। मिट्टी से बनी शिव-पार्वती की प्रतिमाओं के साथ गौर-गणेश की भी आराधना की जाती है।
माता पार्वती को चुनरी, सिंदूर, चूड़ी, बिंदी, मेंहदी समेत विभिन्न शृंगार सामग्री अर्पित की जाती है। वहीं भगवान शिव को पंचामृत का भोग लगाया जाता है। महिलाएं हरे रंग के परिधान और चूड़ियां पहनती हैं। हाथों में मेहंदी रचाती हैं। पूजा के दौरान पति की दीर्घायु, अखंड सौभाग्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की जाती है। हरियाली तीज को शिव-पार्वती के पवित्र मिलन और दांपत्य सुख से जुड़ा पर्व माना जाता है।
नवविवाहिताओं का सिंधारा आज
हरियाली तीज से एक दिन पहले शुक्रवार को सिंधारा पर्व मनाया जाएगा। विशेषकर नवविवाहिताओं के लिए इसका विशेष महत्व है। सिंघारा के अवसर पर सास अपनी नई-नवेली बहुओं को सुहाग और शृंगार की सामग्री देती हैं। इसमें चूड़ी, बिंदी, सिंदूर, मेहंदी, वस्त्र और अन्य शृंगार सामग्री शामिल होती है।

