गांधी-शास्त्री जयंती पर स्कूलों में गूंजा स्वच्छता और राष्ट्रभक्ति का संदेश
झिंझाना में गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर विभिन्न विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने भाषण, कविता एवं निबंध प्रतियोगिताओं में भाग लिया और महापुरुषों की वेशभूषा धारण की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशप्रेम, स्वच्छता और संस्कार को विकसित करना था।

झिंझाना। गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने भाषण, कविता, निबंध एवं तुकबंदी प्रतियोगिताओं में प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं बच्चों ने महापुरुषों एवं स्वतंत्रता सेनानियों की वेशभूषा धारण कर उनके जीवन और आदर्शों को जीवंत किया। डीएवी पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों ने गांधी जयंती पर स्वच्छता, अहिंसा और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। नन्हे विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी की वेशभूषा धारण की। जयस सोनी ने गांधीजी का रूप धारण कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा और झाड़ू लेकर स्वच्छ भारत और स्वच्छ विद्यालय का संदेश दिया तथा आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।
प्रबंधक आशीष मित्तल ने कहा कि विद्यार्थियों में संस्कार, देशप्रेम और स्वच्छता की भावना विकसित करना शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। प्रधानाचार्या रेशु बेदी सहित नीतू कश्यप, जया, फरहीन, आंचल और दृक्षा सिद्दीकी का सहयोग रहा।एसडीएस कान्वेंट स्कूल में भी गांधी जयंती पर शैक्षिक एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं। कक्षा दो से पांच तक के विद्यार्थियों के लिए कविता एवं तुकबंदी प्रतियोगिता, कक्षा छह से आठ तक के लिए निबंध लेखन तथा कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए ‘गांधीवादी सत्य एवं अहिंसा का पाठ’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता हुई। विद्यार्थियों ने गांधीजी के जीवन, विचारों और सत्य-अहिंसा के सिद्धांतों की वर्तमान समय में प्रासंगिकता पर विचार व्यक्त किए। कक्षा एक के विद्यार्थी विभिन्न स्वतंत्रता सेनानियों की वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे और उनके व्यक्तित्व एवं योगदान को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के आयोजन में विनय, संस्कार, प्रियंका, दीपक, पंकज, श्रवण, लोकेश और अलका का विशेष सहयोग रहा।


