गांधी जयंती पर होंगे विविध कार्यक्रम, अधिकारियों को दिए निर्देश
शामली में दो अक्टूबर को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा के साथ मनाई जाएगी। डीएम आलोक यादव ने सभी अधिकारियों को समारोह के आयोजन के लिए दिशा-निर्देश दिए हैं। कार्यक्रमों में उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डाला जाएगा और विभिन्न जागरूकता प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी।

शामली। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती दो अक्टूबर को जिले में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जाएगी। डीएम आलोक यादव ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों और कार्यालयाध्यक्षों को गांधी जयंती समारोह के आयोजन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। डीएम ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्याग्रह और सविनय अवज्ञा आंदोलन के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने देश को ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश देकर राष्ट्रसेवा और सादगी की मिसाल कायम की। दोनों महापुरुषों के आदर्शों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
निर्देशों के अनुसार दो अक्टूबर को सभी राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। कार्यालयों, विद्यालयों और अन्य संस्थानों में सुबह नौ बजे महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र का अनावरण एवं माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद उनके जीवन, संघर्ष, देशसेवा और जीवन-मूल्यों पर प्रकाश डाला जाएगा। विद्यालयों और महाविद्यालयों में गांधीवादी जीवन-दृष्टि, सामाजिक समरसता, मानवाधिकार, सामाजिक न्याय और जातिगत भेदभाव के खिलाफ जागरूकता को लेकर वाद-विवाद प्रतियोगिताएं और गोष्ठियां आयोजित की जाएंगी।


