‘वसंत’ परिसरों ने किया संस्थापिका का स्मरण
वाराणसी में महिला शिक्षा के प्रमुख केंद्र ‘वसंत’ परिसरों ने डॉ. एनी बेसेंट की 179वीं जयंती मनाई। वसंत महिला महाविद्यालय में संस्थापक दिवस समारोह और वसंत कन्या महाविद्यालय में पुष्पांजलि तथा चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। डॉ. बेसेंट के योगदान पर विचार किया गया और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।

वाराणसी, प्रमुख संवाददाता। काशी में महिला शिक्षा के प्रमुख केंद्र के रूप में विख्यात दो ‘वसंत’ परिसरों ने गुरुवार को डॉ. एनी बेसेंट की जयंती पर उनका पुण्य स्मरण किया। राजघाट स्थित वसंत महिला महाविद्यालय में इस अवसर को संस्थापक दिवस समारोह के रूप में मनाया गया। प्राचार्य प्रो. अलका सिंह ने शिक्षा संबंधी दृष्टिकोण और महिला शिक्षा के क्षेत्र में डॉ. एनी बेसेंट के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। डॉ. सामिया अंसारी ने एनी बेसेंट के जीवन, व्यक्तित्व और शैक्षिक विचारों पर पावर पॉइंट प्रस्तुति दी।
महात्मा गांधी पर डॉ. पम्मी राय और लाल बहादुर शास्त्री पर डॉ. सविता पटेल ने प्रस्तुतियां दी। डॉ. जया शाही और छात्राओं ने गायन, प्रो. एसके वर्मा ने सितार वादन, डॉ. अमृत मिश्रा ने पखावज और दिनेश मिश्रा ने तबला वादन प्रस्तुत किया। संचालन में प्रो. परवीन सुल्ताना, हनुमान प्रसाद गुप्ता और डॉ. अमनदीप कौर ने किया।कमच्छा स्थित वसंत कन्या महाविद्यालय में भी डॉ. एनी बेसेंट की 179वीं जयंती पर पुष्पांजलि, भाषण और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। डॉ. एनी बेसेंट के जीवन पर प्रो. आशा यादव द्वारा रचित गीत भी प्रस्तुत किया गया। प्रधानाचार्य प्रो. रचना श्रीवास्तव ने कहा कि हमारा कार्य ही मां एनी बेसेंट के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि और इस महाविद्यालय के प्रति सच्चा समर्पण होगा। कहा कि हम सब उन्हें भारतीय राष्ट्रवादी नेता, समाजसेवी और थियोसोफिकल सोसायटी के निर्माता के रूप में जानते हैं। इन कार्यों के अलावा उन्होंने मानवता की सच्ची सेवा के लिए अनेक कार्य किए। संचालन डॉ. प्रतिमा सिंह ने किया। इस दौरान प्रबंधक उमा भट्टाचार्या, प्रो. ममता मिश्रा, प्रो. इंदु उपाध्याय, प्रो. निहारिका लाल, प्रो. सीमा वर्मा, संगीता देवरिया, प्रो. पूनम पांडे आदि मौजूद रहे।

