राजनीति विज्ञान विभाग में विनोबा भावे जयंती समारोह आयोजित
हजारीबाग के केबी महिला महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ मुकुल कुमार की अध्यक्षता में आचार्य विनोबा भावे की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम में भूदान आंदोलन, सर्वोदय और लोकनीति के सिद्धांतों से छात्राओं को परिचित कराया गया। छात्राओं ने अहिंसा और मानव कल्याण के मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया।

हजारीबाग, नगर प्रतिनिधि। केबी महिला महाविद्यालय, हजारीबाग के राजनीति विज्ञान विभाग में प्राचार्य डॉ मुकुल कुमार की अध्यक्षता में राष्ट्रसंत एवं गांधीवादी चिंतक आचार्य विनोबा भावे की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य उनके जीवन, विचारों, भूदान आंदोलन, सर्वोदय एवं लोकनीति के सिद्धांतों से छात्राओं को परिचित कराना था।कार्यक्रम में विभाग के शिक्षक डॉ एमएन पुष्पा कुजूर, डॉ संजय कुमार साहू, डॉ आलोक कुमार पाण्डेय एवं डॉ विधि कुमारी सहित सेमेस्टर 1 से 8 तक की सैकड़ों छात्राओं ने भाग लिया। शिक्षकों एवं छात्राओं ने विनोबा भावे के भूदान आंदोलन, अहिंसा, सर्वोदय, ग्राम स्वराज और लोकनीति संबंधी विचारों की वर्तमान समय में प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।
सेमेस्टर-6 की छात्रा पूर्णिमा ने मंच संचालन किया तथा उनके जीवन एवं सामाजिक योगदान की जानकारी दी। छात्राओं ने सामाजिक समरसता, अहिंसा, सेवा और मानव कल्याण के मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन उनके सर्वोदय एवं मानव कल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के आह्वान के साथ हुआ।


