सीडीएस में सामान्य ज्ञान के प्रश्न रहे चुनौतिपूर्ण, एनडीए में गणित रही मध्यम
गुलशन भारती द्वारा गाजियाबाद में रविवार को 18 केंद्रों पर सीडीएस और एनडीए की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षार्थियों ने गणित को सामान्य और सामान्य ज्ञान के प्रश्नों को चुनौतीपूर्ण बताया। अंग्रेजी का पेपर स्कोरिंग माना गया। सुरक्षा कड़े इंतजामों के बीच हुई परीक्षा में बड़ी संख्या में परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

गाजियाबाद, गुलशन भारती। जिले में 18 केंद्रों पर रविवार को सीडीएस और एनडीए की परीक्षा आयोजित हुई। परीक्षार्थियों के मुताबिक परीक्षा में गणित के सवालों का स्तर सामान्य रहा, जबकि सामान्य ज्ञान के प्रश्न समय लेने वाले रहे। अंग्रेजी के प्रश्नों को करने में अधिक समय नहीं लगा। सीडीएस की परीक्षा देने वाले परीक्षार्थियों ने पेपर को मध्यम स्तर का बताया। सेठ मुकुंद लाल इंटर कॉलेज में परीक्षा देने वाले दीपक सहरावत ने बताया कि अंग्रेजी का पेपर सबसे अधिक स्कोरिंग वाला रहा। सामान्य ज्ञान के प्रश्नों को करने में अधिक समय लगा, जबकि गणित के सवाल भी थोड़े चुनौतिपूर्ण रहे।
वहीं, एनडीए और एनए का पेपर देने वाले मुनीश कुमार और सुमित चाहर ने गणित के सवालों का स्तर मध्यम स्तर बताया और सामान्य ज्ञान व करंट अफेयर्स के कई प्रश्नों ने उलझाने वाला बताया।18 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में हुई परीक्षाः जिले में यूपीएससी सीडीएस की परीक्षा सात तथा एनडीए-एनए की परीक्षा 11 परीक्षा केंद्रों पर कराई गई। सीडीएस की परीक्षा तीन व एनडीए-एनए की परीक्षा दो पालियों में आयोजित हुई। सीडीएस की पहली पाली के लिए पंजीकृत 2384 परीक्षार्थियों में से 1531 ने परीक्षा दी व 853 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली के लिए पंजीकृत 2384 परीक्षार्थियों में से 1524 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी व 860 अनुस्थित रहे। तीसरी पाली के लिए पंजीकृत 1236 परीक्षार्थियों में से 507 ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं, एनडीए-एनए की पहली पाली के लिए 4792 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 3415 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी और 1377 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली के लिए पंजीकृत 4792 परीक्षार्थियों में से 3403 ने परीक्षा दी व 1389 अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। प्रवेश से पहले सभी की सघन तलाशी ली गई।


