केकेसी के छात्रों को विज्ञान में कॅरियर बनाने को किया प्रेरित
लखनऊ में सीडीआरआई एलुमनाई एसोसिएशन ने श्री जय नारायण पीजी कॉलेज के रसायन विज्ञान विभाग में विज्ञान जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना और शिक्षा तथा अनुसंधान संस्थानों के बीच सहयोग बढ़ाना था। डॉ. संजय बत्रा ने वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार के महत्व पर चर्चा की।

लखनऊ। प्रमुख संवाददाता सीडीआरआई एलुमनाई एसोसिएशन की ओर से गुरुवार को श्री जय नारायण पीजी कॉलेज (केकेसी) के रसायन विज्ञान विभाग में विज्ञान जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना तथा शिक्षा और अनुसंधान संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम का उद्देश्य
सीएसआईआर के एमेरिटस साइंटिस्ट डॉ. संजय बत्रा ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक अनुसंधान, नवाचार और अंतर्विषयक शोध के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि आज की सामाजिक और वैश्विक चुनौतियों का प्रभावी समाधान विज्ञान और शोध के माध्यम से ही संभव है। युवाओं को जिज्ञासु, नवाचारी और उत्कृष्टता के प्रति समर्पित रहने की सलाह देते हुए उन्होंने विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में कॅरियर बनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही अपने वैज्ञानिक जीवन के अनुभव साझा कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
संवादात्मक सत्र
कार्यक्रम में आयोजित संवादात्मक सत्र में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान शोध, वैज्ञानिक कॅरियर, उच्च शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में विज्ञान की भूमिका से जुड़े सवालों पर डॉ. बत्रा ने विस्तार से चर्चा की। आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम सीडीआरआई एलुमनाई एसोसिएशन की सामाजिक पहुंच पहल का हिस्सा है। इसका उद्देश्य अनुसंधान संस्थानों की वैज्ञानिक उपलब्धियों को समाज और शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंचाना तथा युवाओं में वैज्ञानिक चेतना का प्रसार करना है।


