ई-कचरे के खतरे से वर्षा जल संरक्षण तक का पाठ पढ़ेंगे सीबीएसई शिक्षक
सीबीएसई ने शिक्षकों के कौशल और व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ाने के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किया है। अक्टूबर 2026 से 15 मार्च 2027 तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में साइबर सुरक्षा, इलेक्ट्रॉनिक कचरे, वर्षा जल संरक्षण और कार्य आधारित शोध के पाठ्यक्रम शामिल हैं। कक्षा पांच तक के शिक्षकों के लिए बुनियादी साक्षरता, संख्यात्मक ज्ञान और प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा के विषय भी रखे गए हैं।

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने शिक्षकों के कौशल और व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ाने के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किया है। इसके तहत शिक्षक साइबर सुरक्षा, इलेक्ट्रॉनिक कचरे से पर्यावरण को होने वाले नुकसान और वर्षा जल संरक्षण जैसे विषयों की जानकारी हासिल करेंगे। बोर्ड ने इस संबंध में सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को पत्र लिखा है। प्रशिक्षण अक्तूबर 2026 से 15 मार्च 2027 तक पूरा करना होगा। प्रशिक्षण के उन्नत वर्ग में पांच पाठ्यक्रम शामिल किए गए हैं। शिक्षक अपनी जरूरत, रुचि और उपलब्ध समय के अनुसार इनका चयन कर सकेंगे। डिजिटल उपकरणों की साइबर सुरक्षा, इलेक्ट्रॉनिक कचरे के पर्यावरण पर प्रभाव और वर्षा जल संरक्षण से जुड़े पाठ्यक्रम की अवधि दो-दो घंटे रखी गई है।
वहीं, कार्य आधारित शोध के लिए 15 घंटे निर्धारित किए गए हैं। वर्षा जल संरक्षण से जुड़े पाठ्यक्रम हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध होंगे। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से शिक्षकों को पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल सुरक्षा और शोध आधारित गतिविधियों की समझ मिलेगी।इससे वे विद्यार्थियों में विषयों की बेहतर समझ, जरूरी कौशल और व्यावहारिक ज्ञान विकसित कर सकेंगे। बोर्ड ने कक्षा पांच तक पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए बुनियादी साक्षरता, संख्यात्मक ज्ञान और प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा से जुड़े विषय भी शामिल किए हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को नई जरूरतों के अनुरूप तैयार करना और कक्षा में पढ़ाई को अधिक प्रभावी बनाना है। इसके जरिए शिक्षक बच्चों को डिजिटल सुरक्षा, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और जल संरक्षण के महत्व से भी जोड़ सकेंगे।

