सीबीएसई स्कूलों में अब वर्चुअल लैब से होगी पढ़ाई
- दीक्षा पोर्टल व क्यूआर कोड से जुड़ेंगी लैब - भौतिक के साथ वर्चुअल

लखनऊ, प्रमुख संवाददाता
वर्चुअल लैब का परिचय
सीबीएसई के स्कूलों में अब वर्चुअल लैब से पढ़ाई कराई जाएगी। भौतिक लैब के साथ-साथ वर्चुअल लैब की भी सुविधा मिलेगी। दीक्षा पोर्टल, क्यूआर कोड व मोबाइल एप के माध्यम से विद्यार्थी यह सुविधा उठा सकेंगे। जिससे छात्रों को प्रयोग आधारित डिजिटल सामग्री भी उपलब्ध हो सकेगी।
डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता
सीबीएसई की ओर से 845 से अधिक पाठ्यक्रम आधारित वर्चुअल लैब व डिजिटल संसाधनों का उपयोग करने के लिए दिए गए हैं। फिलहाल वर्चुअल लैब भौतिक प्रयोगशाला का विकल्प नहीं होगी। वर्चुअल लैब की मदद से छात्र अपने अभ्यास को पुख्ता कर सकेंगे। यूपी में करीब पांच हजार सीबीएसई के स्कूल हैं और उनमें पढ़ रहे विद्यार्थियों को यह सुविधा दी जाएगी। गणित व विज्ञान की पढ़ाई और बेहतर ढंग से विद्यार्थी कर सकें इसके लिए यह पहल की जा रही है। विद्यार्थियों को गणित व विज्ञान का पाठ पढ़ते समय किसी भी तरह की कठिनाई न हो इसके लिए एनसीईआरटी की पुस्तकों में प्रत्येक अध्याय की शुरुआत में ही क्यूआर कोड दिया गया है। क्यूआर कोड को स्कैन कर वर्चुअल लैब व डिजिटल संसाधनों तक पहुंच बढ़ाई जा सकेगी। अगर कोई विद्यार्थी नियमित रूप से भौतिक प्रयोगशाला का उपयोग नहीं कर पा रहा है तो वह इसकी मदद से आसानी से प्रयोग समझ व सीख सकेगा।


