सेल्फ फाइनेंसिंग यूनिट के रूप में स्कूलों में होगी एनएसएस इकाई
रांची में सीबीएसई ने अब राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) को बढ़ावा देने के लिए स्कूलों में सेल्फ-फाइनेंसिंग यूनिट की स्थापना के निर्देश दिए हैं। इससे विद्यार्थियों को सामुदायिक सेवा, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक विकास में भाग लेने का अवसर मिलेगा। नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना विकसित करने के लिए यह योजना महत्वपूर्ण है।

रांची, वरीय संवाददाता। सीबीएसई के स्कूलों में अब राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) को बढ़ावा दिया जाएगा। स्कूल अब एनएसएस के तहत सेल्फ-फाइनेंसिंग यूनिट की स्थापना करेंगे। इसके लिए सीबीएसई ने विद्यालयों को यूनिट स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत विद्यालय स्वयं एनएसएस इकाइयों की स्थापना कर सकेंगे। प्रत्येक इकाई में सामान्यतः 50 से 100 स्वयंसेवकों को शामिल किया जाएगा, जो सामुदायिक सेवा, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक विकास से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। यह योजना युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व, संवेदनशीलता और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। स्कूल करेंगे इकाई की स्थापना, खर्च भी
एनएसएस इकाई की स्थिति
रांची के अधिकांश स्कूलों में अभी एनएसएस इकाई नहीं है। संत माइकल्स स्कूल के प्राचार्य सुभाष कुमार ने बताया कि सेल्फ-फाइनेंसिंग यूनिट के तहत स्कूलों में एनएसएस इकाई का गठन करना है। साथ ही इसके तहत विभिन्न गतिविधयों का संचालन होगा, जिसकी जिम्मेदारी स्कूल की होगी। स्कूल की ओर से सभी तरह के खर्च का कहन किया जाएगा। कैराली स्कूल धुर्वा के प्राचार्य राजेश पिल्लई ने कहा कि स्कूल में एनसीसी इकाई का गठन किया गया है। जल्द ही एनएसएस इकाई भी गठित होगी।
छात्रों के विकास पर प्रभाव
सीबीएसई ने कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर पर सामुदायिक परियोजनाओं में कार्य करने का अवसर मिलेगा। साथ ही उनमें नेतृत्व, अनुशासन और सेवा भावना का विकास होगा। बोर्ड ने विद्यालयों को एनएसएस सेल्फ-फाइनेंसिंग यूनिट की स्थापना के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश, प्रस्ताव प्रपत्र और विस्तृत पुस्तिका भी उपलब्ध कराई है।


