सीबीएसई ईस्ट जोन योगा चैंपियनशिप में तीन राज्यों के छात्र दिखाएंगे कला
चकिया, हिन्दुस्तान संवाद में सीबीएसई ईस्ट जोन की योगा चैंपियनशिप 2026 का शुभारंभ हुआ। चार दिवसीय इस चैंपियनशिप में 33 सीबीएसई स्कूलों के 327 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। उद्घाटन समारोह में आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र और स्थानीय विधायक कैलाश आचार्य ने योग के महत्व पर प्रकाश डाला।

चकिया, हिन्दुस्तान संवाद । सीबीएसई ईस्ट जोन की योगा चैंपियनशिप 2026 का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को चकिया स्थित सिल्वर बेल्स स्कूल में हुआ। इसका शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री (आयुष) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने दीप प्रज्वलित कर किया। चार दिवसीय चैंपिनयनशिप में उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के 33 सीबीएसई स्कूलों के 327 विद्यार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं। सीबीएसई की ओर से आयोजित चार दिवसीय योगा चैंपियनशिप 17 से 20 जुलाई तक चलेगी। जिसमें पूर्वी भारत के विभिन्न राज्यों के सीबीएसई से संबद्ध विद्यालयों के छात्र-छात्राएं योग की विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उद्घाटन समारोह के बाद विभिन्न आयु वर्गों की प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ。
चैंपियनशिप का शुभारंभ
इससे पहले चैंपियनशिप का शुभारंभ कर आयुष मंत्री ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का माध्यम है। आज पूरी दुनिया भारतीय योग की शक्ति को स्वीकार कर रही है और युवाओं को इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। चकिया विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन का महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, मानसिक एकाग्रता और स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं。
प्रतिभागियों की तैयारी
विद्यालय परिसर में खिलाड़ियों के लिए मुकम्मल इंतजाम कराए गए हैं। विभिन्न राज्यों से पहुंचे प्रतिभागी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों में प्रतियोगिता को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यालय के चेयरमैन प्रभात जायसवाल ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता, खेल भावना और भारतीय योग परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। इस दौरान सीओ अजीत सिंह चौहान, नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव, प्रबंध निदेशक सुषमा जायसवाल, सहायक प्रबंधन निदेशक सिद्धार्थ जायसवाल, अशोक कुमार जायसवाल, प्रधानाचार्य अनुपमा सहित प्रशिक्षक, खिलाड़ी, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


