सीबीएसई: 15 को होनी है कंपार्टमेंटल परीक्षा, आवेदन का है इंतजार
सीबीएसई की 12वीं कक्षा की कम्पार्टमेंटल परीक्षा 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है, जिससे छात्र और अभिभावक परेशान हैं। बोर्ड द्वारा 15 जुलाई को परीक्षा कराने की घोषणा की गई है, लेकिन आवेदन प्रक्रिया जून के पहले सप्ताह से शुरू होने की उम्मीद थी। छात्रों को शिकायत करने के लिए ई-मेल का विकल्प दिया गया है।

सीबीएसई की 12वीं कक्षा की कम्पार्टमेंटल (सप्लीमेंट्री) परीक्षा 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है। इससे छात्र और अभिभावक परेशान हैं। बोर्ड के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए लिस्ट ऑफ कैंडिडेट (एलओसी) तैयार करने और आवेदन की प्रक्रिया जून के पहले सप्ताह से शुरू होनी थी, लेकिन जून का तीसरा सप्ताह बीत जाने के बावजूद इस संबंध में कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं की गयी है। बोर्ड की ओर से 15 जुलाई को कम्पार्टमेंट परीक्षा कराने की घोषणा की गई है। हालांकि बोर्ड की ओर से सूचित किया गया है कि जून के अंत में कंपार्टमेंटल परीक्षा की शेड्यूल जारी किया जाएगा।
गड़बड़ी होने पर छात्र ई-मेल से कर सकते हैं शिकायतसीबीएसई की ओर से रविवार को 12वीं का पुनर्मूल्यांकन और पुनर्जांच का परिणाम जारी किया जा चुका है। जिन छात्रों के पुनर्मूल्यांकन के रिजल्ट में अगर कोई त्रुटि हो तो छात्र बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय को ई-मेल कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। दरअसल बोर्ड द्वारा पुनर्मूल्यांकन का रिजल्ट जारी होने के बाद दूसरे राज्यों के विद्यार्थियों द्वारा यह शिकायत की गयी है कि सही उत्तर लिखे होने के बाद भी अंक में सुधार नहीं किया गया है। बोर्ड ने सूचित किया है कि जिन विद्यार्थियों आवेदन पर नो चेंज लिखा आया है उन्हें बाद में संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय में जाकर उत्तरपुस्तिका देखने का मौका दिया जाएगा। इसके लिए एक शेड्यूल जारी किया जाएगा।


