सीबीएसई ने 10वीं-12वीं की परीक्षा के लिए शुरू की आवेदन प्रक्रिया
सीबीएसई ने 2027 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में निजी परीक्षार्थी के रूप में शामिल होने के लिए आवेदन शुरू कर दिए हैं। बिना विलंब शुल्क आवेदन की अंतिम तारीख 23 अक्तूबर है, जबकि 30 अक्तूबर तक दो हजार रुपये विलंब शुल्क के साथ आवेदन किया जा सकता है। अनुत्तीर्ण, एसेंशियल रिपीट और कंपार्टमेंट वाले छात्र आवेदन कर सकते हैं। 2026 में परीक्षा पास करने वाले छात्र अंक सुधार के लिए भी आवेदन कर सकेंगे।

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने वर्ष 2027 की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में निजी परीक्षार्थियों के रूप में शामिल होने वाले छात्रों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। छात्र 23 अक्तूबर तक बिना विलंब शुल्क के फॉर्म भर सकते हैं। इसके बाद 30 अक्तूबर तक आवेदन करने पर दो हजार रुपये विलंब शुल्क देना होगा। आवेदन केवल ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। बोर्ड ने आवेदन के लिए पात्र छात्रों को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत वर्ष 2021 से 2026 के बीच बोर्ड परीक्षा में अनुत्तीर्ण रहे और ‘एसेंशियल रिपीट’ घोषित किए गए छात्र आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा, वर्ष 2026 की मुख्य या पूरक परीक्षा में कंपार्टमेंट प्राप्त करने वाले छात्र भी फॉर्म भर सकेंगे।
अंक सुधार और आवेदन के नियम
अंक सुधार के लिए भी कर सकेंगे आवेदन
सीबीएसई ने वर्ष 2026 में 10वीं या 12वीं की परीक्षा पास करने वाले छात्रों को भी अंक सुधार का मौका दिया है। ऐसे छात्र एक या अधिक विषयों में अपने अंकों में सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा, चिकित्सा कारणों या स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते वर्ष 2026 की मुख्य परीक्षा में शामिल नहीं हो पाने वाले नियमित छात्र भी निजी परीक्षार्थी के रूप में आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, कम उपस्थिति के कारण परीक्षा में बैठने से वंचित किए गए नियमित छात्र इस प्रक्रिया के तहत आवेदन नहीं कर सकेंगे।

