बीआरओ घोटाला : सीबीआई ने 11 राज्यों के 26 ठिकानों पर मारे छापे
सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) में सरकारी धन के गबन और फर्जी मजदूरों के भुगतान के मामले में, केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने 11 राज्यों में 26 ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई बीआरओ के 'प्रोजेक्ट विजयक' और 'प्रोजेक्ट योजक' में कथित अनियमितताओं से संबंधित है।

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) में सरकारी धन के कथित गबन और फर्जी मजदूरों के नाम पर भुगतान किए जाने के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने सोमवार को बड़ा अभियान चलाया। एजेंसी ने 11 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 26 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। सीबीआई के अनुसार, यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, असम, अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड में की गई। जांच बीआरओ के ‘प्रोजेक्ट विजयक’ और ‘प्रोजेक्ट योजक’ में कथित अनियमितताओं से जुड़ी है। आरोप है कि फर्जी कैजुअल मजदूरों के नाम पर सरकारी धन का भुगतान कर करोड़ों रुपये का गबन किया गया। मामले में रक्षा मंत्रालय की शिकायत और बीआरओ के तकनीकी बोर्ड ऑफ ऑफिसर्स की आंतरिक जांच के आधार पर चार अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। छापेमारी के दौरान सीबीआई ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं। एजेंसी का कहना है कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है और पूरे प्रकरण की व्यापक जांच की जाएगी。
लेफ्टिनेंट कर्नल और मेजर रैंक 10 अधिकारी नामजद :
सीबीआई ने बताया कि मामलों में सरकारी धन के गबन, धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक विश्वासघात, आपराधिक साजिश, भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी जैसी गंभीर धाराओं के तहत जांच की जा रही है। प्राथमिकी में लेफ्टिनेंट कर्नल, मेजर और इंजीनियर रैंक के कुल 10 अधिकारियों सहित कुछ निजी व्यक्तियों को नामजद किया गया है।
अधिकतर पूछे जाने वाले प्रश्न
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


