बैंक धोखाधड़ी में सीबीआई की 10 ठिकानों पर छापेमारी
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने 105.44 करोड़ रुपये की बैंक धोखाधड़ी मामले में हैदराबाद, विजयनगरम और काकीनाडा में 10 ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई एम/एस शुगर्स लिमिटेड और उसके निदेशकों के खिलाफ की गई, जिन पर फर्जी दस्तावेजों के आधर पर ऋण प्राप्त करने और उसका दुरुपयोग करने का आरोप है।

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने 105.44 करोड़ रुपये की बैंक धोखाधड़ी मामले में शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए हैदराबाद, विजयनगरम और काकीनाडा में 10 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। सीबीआई ने यह मामला एम/एस शुगर्स लिमिटेड, उसके निदेशकों और अज्ञात लोकसेवकों के खिलाफ दर्ज किया है। यह कार्रवाई चेन्नई स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शिकायत के आधार पर की गई। एजेंसी ने कंपनी के पंजीकृत कार्यालय, कारखाना और निदेशकों से जुड़े आवासों पर छापे मारे। कार्रवाई के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य और जांच से संबंधित रिकॉर्ड बरामद किए गए। सीबीआई के अनुसार, आरोपियों ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर विभिन्न ऋण सुविधाएं हासिल कीं।
आरोप है कि कंपनी ने ऋण राशि का उपयोग निर्धारित व्यावसायिक उद्देश्यों के बजाय अन्य कार्यों में किया और उसका दुरुपयोग किया। बाद में कंपनी ने बैंक का बकाया नहीं चुकाया, जिससे ऋण खाते एनपीए (डिफॉल्ट) हो गए और पीएनबी को 105.44 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।


