रिश्वत मामले में दो अधिकारी गिरफ्तार : सीबीआई
सीबीआई ने एक करोड़ रुपये की रिश्वत के मामले में सीजीएसटी विभाग के अधीक्षक और एक सलाहकार को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई न्यू पनवेल की एक रियल एस्टेट कंपनी की शिकायत पर की गई है, जिसमें आरोप है कि सलाहकार ने एनओसी और फ्लैट सौंपने के लिए रिश्वत की मांग की थी।

सीबीआई ने एक करोड़ की कथित रिश्वत मामले में सीजीएसटी विभाग के अधीक्षक और एक सलाहकार को गिरफ्तार किया है। सीबीआई अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई न्यू पनवेल की एक निजी रियल एस्टेट कंपनी के प्रोजेक्ट हेड की शिकायत के आधार पर की गई। एजेंसी ने बुधवार को इस मामले में एफआईआर दर्ज की थी। शिकायत के अनुसार, कंपनी न्यू पनवेल के सेक्टर-17 में दो इमारतों के पुनर्विकास का काम कर रही थी। इन इमारतों में रायगढ़ सीजीएसटी और केंद्रीय उत्पाद शुल्क आयुक्तालय के स्वामित्व वाले 24 फ्लैट भी शामिल हैं। प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सलाहकार पंकज कुमार ने एनओसी जारी करने और पुनर्विकास के लिए फ्लैट सौंपने के बदले एक करोड़ रुपये की मांग की थी।
एजेंसी ने मामले की जांच के बाद गुरुवार को जाल बिछाकर आरोपी अधीक्षक और सलाहकार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को अदालत ने शुक्रवार को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।


