एनएचएआई के पीडी समेत तीन रिश्वत मामले में गिरफ्तार
सीबीआई ने एनएचएआई के शिलांग क्षेत्रीय कार्यालय के पीडी और दो बाहरी व्यक्तियों को 12 लाख की रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

नई दिल्ली, एजेंसी। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के शिलांग क्षेत्रीय कार्यालय के परियोजना निदेशक और दो बाहरी व्यक्तियों को 12 लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। सीबीआई के अनुसार, यह मामला एक शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि परियोजना निदेशक ने शिकायतकर्ता से 13.38 करोड़ रुपये के बकाया बिल को आगे बढ़ाने के लिए 12 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। आरोपी सरकारी अधिकारी ने शिकायतकर्ता को चार लाख रुपये एडवांस में देने और यह रकम गुवाहाटी में एक बाहरी व्यक्ति को सौंपने के लिए कहा था। उस व्यक्ति ने किसी अन्य बाहरी व्यक्ति के पास रकम भेजने के लिए कहा। सीबीआई ने जाल बिछाकर आरोपी बाहरी व्यक्ति को चार लाख रुपये की रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। इसके बाद, तीनों को गिरफ्तार किया गया। मामले में जांच जारी है。
हिमाचल: सेना का अभियंता रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
सीबीआई ने हिमाचल प्रदेश के मनाली में सैन्य इंजीनियरिंग सेवा (एमईएस) के सहायक गैरीसन इंजीनियर को 93 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था। आरोपी पर ठेकेदार की फर्म के बिल पास करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। सीबीआई ने उसे 53 हजार रुपये की शेष रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा था। उसके घर से पहले ली गई 40 हजार रुपये की रिश्वत की राशि के अलावा करीब 10 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए।


