रिश्वत मामले में केंद्रीय विद्यालय की प्राचार्य समेत दो गिरफ्तार
सीबीआई ने रिश्वतखोरी के मामले में केंद्रीय विद्यालय इटारसी की प्राचार्य श्रद्धा पाठक और बिचौलिये किरत सिंह सराठे को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि प्राचार्य ने नवीनीकरण का काम करने वाली भोपाल की एक फर्म के लंबित बिल जारी करने के बदले तीन लाख रुपये मांगे। सीबीआई ने जाल बिछाकर दोनों को कथित रिश्वत लेते पकड़ा और इटारसी व आगरा में तलाशी ली। मामले की जांच जारी है।

नई दिल्ली, एजेंसी। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने रिश्वतखोरी के मामले में केंद्रीय विद्यालय इटारसी की प्राचार्य और एक बिचौलिये को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। केंद्रीय विद्यालय की प्राचार्य श्रद्धा पाठक और बिचौलिये किरत सिंह सराठे को बुधवार को गिरफ्तार किया गया। प्राचार्य पर स्कूल में नवीनीकरण का काम करने वाली भोपाल की फर्म से तीन लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। यह रकम लंबित बिलों का भुगतान जारी करने के बदले मांगी गई थी। शिकायत पर सीबीआई ने बुधवार को ही आरोपी प्राचार्य के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसके बाद सीबीआई टीम ने जाल बिछाकर आरोपी प्राचार्य तथा बिचौलिये को तीन लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़ लिया।
सीबीआई ने इटारसी और आगरा में आरोपियों के आवासीय और कार्यालय परिसरों की तलाशी भी ली। इस दौरान संपत्ति से संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए। मामले की जांच जारी है।


