पश्चिम बंगाल : चुनाव बाद हिंसा से जुड़े हत्या मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार
कोलकाता में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने 2021 में चुनाव बाद हुई हिंसा से जुड़े हत्या के मामले में गोपाल दास उर्फ विशाल पॉल को गिरफ्तार किया। वह पिछले दो साल से फरार था और उसकी गिरफ्तारी के लिए सीबीआई ने 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया था।

कोलकाता, एजेंसी। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मंगलवार को वर्ष 2021 में पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हुई हिंसा से जुड़े हत्या के मामले में घोषित फरार आरोपी गोपाल दास उर्फ विशाल पॉल को उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम स्थित रवींद्रनगर से गिरफ्तार किया। आरोपी वर्ष 2021 में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से फरार था। उसने न तो जांच में सहयोग किया और न ही मुकदमे की कार्यवाही में उपस्थित हुआ। उसकी गिरफ्तारी के लिए सीबीआई ने 50,000 रुपये के नकद इनाम की घोषणा की थी। सीबीआई ने खुफिया और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश पर सीबीआई ने 25 अगस्त 2021 को मामले की जांच अपने हाथ में लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की थी। यह मामला दो मई 2021 को कोलकाता की शीतलातला लेन में अविजीत सरकार की कथित हत्या से संबंधित है। जांच पूरी होने के बाद सीबीआई ने वर्ष 2021 और 2025 में कुल 38 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र और पूरक आरोपपत्र दाखिल किए। आरोपपत्र में गिरफ्तार आरोपी गोपाल दास के अलावा तत्कालीन तृणमूल कांग्रेस विधायक परेश पाल तथा तत्कालीन तृणमूल कांग्रेस पार्षद स्वपन समद्दार और पापिया घोष के नाम भी शामिल हैं।


