करियर काउंसलिंग सत्र में सही दिशा चुनने की प्रेरणा दी
सीतापुर में सिंघानिया एजुकेशनल इंस्टीट्यूट में कक्षा 10 से 12 के विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया। मुख्य परामर्शदाता डॉ. अवनीश मिश्रा ने विद्यार्थियों को करियर विकल्पों और उच्च शिक्षा के अवसरों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम का समापन विद्यालय प्रबंधन द्वारा आभार ज्ञापन के साथ हुआ।

सीतापुर, संवाददाता। सिंघानिया एजुकेशनल इंस्टीट्यूट में कक्षा 10 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से मुख्य परामर्शदाता, हार्वर्ड मेडिकल स्कूल (बोस्टन) के बायोइंजीनियरिंग विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. अवनीश मिश्रा का स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। सत्र के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों, उच्च शिक्षा के अवसरों और भविष्य के लिए सही दिशा चुनने से जुड़ी जानकारियां दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता और योग्यता के आधार पर करियर चुनने तथा स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों ने इस सत्र में बड़े उत्साह के साथ भाग लिया और अपने भविष्य से जुड़े सवाल पूछकर उपयोगी मार्गदर्शन प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य और प्रबंधन ने डॉ. अवनीश मिश्रा के बहुमूल्य मार्गदर्शन व उपस्थिति के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।


