मिसिर बेसरा के दस्ते में सारंडा में सक्रिय था अजय महतो उर्फ टाइगर
गिरिडीह पुलिस ने 25 लाख के इनामी नक्सली अजय महतो को गिरफ्तार किया। वह सीपीआई माओवादी के पॉलित ब्यूरो सदस्य के दस्ते का सदस्य था। विशेष अभियान के तहत 4-5 हजार जवान नक्सलियों के खिलाफ सर्च कर रहे हैं। अजय के खिलाफ कई मामलों में केस दर्ज हैं।

गिरिडीह पुलिस के हत्थे चढ़ा 25 लाख का इनामी नक्सली अजय महतो उर्फ टाइगर उर्फ बासुदेव पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में सक्रिय था। सीपीआई माओवादी के पॉलित ब्यूरो सदस्य सह एक करोड़ के इनामी मिसिर बेसरा उर्फ भास्कर के दस्ते का सक्रिय सदस्य अजय सुरक्षाबलों की दबिश के बाद भूमिगत हो गया था। सारंडा में नक्सलियों के खिलाफ सर्च अभियान तेजी से चल रहा है। अभियान की उच्च अधिकारियों के साथ खुद डीजीपी निगरानी कर रही हैं। इन दिनों मिसिर बेसरा दस्ते में शामिल सभी नक्सली सारंडा छोड़कर आसपास के क्षेत्रों में शरण लिये हुए हैं। सारंडा जंगल से फरार नक्सली एक करोड़ के इनामी मिसिर बेसरा, असीम मंडल, 15 लाख का इनामी मोछु उर्फ मेहनत सहित कई नक्सलियों की पुलिस और सुरक्षा बलों को तलाश है।
नक्सलियों की तलाश में सारंडा में डटे हुए हैं चार हजार से अधिक जवान
केन्द्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर ओडिशा-झारखंड के सीमावर्ती क्षेत्र में फैले सारंडा, कोल्हान और पोड़ाहाट जंगल से नक्सलियों का खात्मे के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें झारखंड और ओडिशा पुलिस के आलावा सीआरपीएफ की कई बटालियन और कोबरा की कई कंपनियों को तैनात किया गया था। इसके आलावा झारखंड में झारखंड जगुआर और ओडिशा में डीभीएफ को तैनात किया गया है। इनकी संख्या 4-5 हजार बतायी जा रही है। ये जवान पिछले कई माह से सारंडा जंगल में लगातार सर्च अभियान चला रहे हैं। सारंडा जंगल छोड़ कर भागे कई नक्सलियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है,इनमें बेला सरकार, अजय महतो सहित अन्य शामिल हैं।
अजय के खिलाफ पश्चिमी सिंहभूम जिले में भी दर्ज हैं कई मामले
पुलिस की गिरफ्त में आये नक्सली अजय महतो के खिलाफ पश्चिमी सिंहभूम जिले सहित ओडिशा के सुन्दरगढ़ जिले में भी कई मामले दर्ज हैं। इनमें विस्फोटक लूट, आईईडी ब्लास्ट, मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने सहित कई मामले शामिल हैं।
एक करोड़ के इनामी अनल सहित 17 नक्सलियों को सुरक्षाबलों ने किया था ढेर
सुरक्षाबलों ने 22 जनवरी 2026 को सारंडा जंगल में ऑपरेशन मेगाबुरु के तहत एक करोड़ के इनामी नक्सली अनल उर्फ प्रतिराम माझी सहित 17 नक्सलियों के ढेर किया था। यह सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ अबतक का सबसे बड़ा ऑपरेशन था और सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ अभियान में सुरक्षाबलों के लिए टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ। इसके बाद स्थानीय कैडर संगठन छोड़ कर भाग खड़े हुए या फिर सुरक्षाबलों के सामने सरेंडर कर दिया। यही कारण है कि सारंडा जंगल में सक्रिय एक करोड़ के इनामी मिसिर और असीम मंडल के दस्ते को सारंडा जंगल छोड़ कर भागना पड़ा।


