फ्लाईदुबई विमान झड़प::कैप्टन स्मित मुंबई में पले-बढ़े, 2022 में फ्लाईदुबई से जुड़े
कैप्टन स्मित मच्छार की प्रोफाइल मूल रूप से गुजरात का है परिवार नई दिल्ली,

कैप्टन स्मित मच्छार की प्रोफाइल मूल रूप से गुजरात का है परिवार
परिवार का परिचय
नई दिल्ली, एजेंसी। कैप्टन स्मित मच्छार मुंबई में पले-बढ़े हैं। घाटकोपर ईस्ट में उनका परिवार रहता था। रिपोर्ट के अनुसार, उनके माता पिता का नाम उपेंद्र मच्छार और गीता मच्छार है। स्मित के पिता बिजनेस करते थे। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि शुरुआत में उन्होंने परिवार का बिजनेस संभालने की योजना बनाई थी।
मूलत: गुजरात का है परिवार
स्मित का परिवार मूलत: गुजरात के अमरेली जिले के सावरकुंडला का निवासी है। उनके पिता स्मित के जन्म से पहले ही मुंबई के घाटकोपर में शिफ्ट हो गए थे। स्मित का जन्म भी मुंबई में ही हुआ। वे अभी 39 साल के हैं।
न्यूजीलैंड से ली ट्रेनिंग
2008 में स्मित ने न्यूजीलैंड के डुनेडिन में मौजूद एविएशन कॉलेज 'मेनलैंड एयर' में ट्रेनिंग ली और तीन साल बाद कमर्शियल पायलट के तौर पर'स्पाइसजेट' से जुड़े। एक अनुभवी पायलट बनने के बाद, वह दुबई चले गए और 2022 में 'फ्लाईदुबई' से जुड़ गए।
उनके लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, कैप्टन मच्छार के पास 9750 घंटे से अधिक की उड़ान का अनुभव है, जिसमें 6400 घंटे से ज्यादा का अनुभव 'पायलट-इन-कमांड' (मुख्य पायलट) के तौर पर शामिल है। उनकी पिछली कंपनी स्पाइसजेट ने बयान जारी कर मच्छर को हीरो बताया।
एविएशन सपना नहीं था
पिछले साल, कैप्टन मच्छार ने 'बोना-फाइड बैंटर' नाम के पॉडकास्ट पर बताया था कि उन्होंने फ्लाइंग कैसे शुरू की थी। उन्होंने कहा था कि एविएशन कभी भी बचपन का सपना नहीं था। जब वह लगभग 19 साल के थे, तो उन्होंने मैनेजमेंट कोर्स में दाखिला लिया और परिवार के बिजनेस में काम करने की योजना बनाई। लेकिन फिर उन्हें एक एविएशन सेमिनार के बारे में पता चला और उन्हें इसका चस्का लग गया।
स्मित ने यह भी बताया कि जब वह पायलट की यूनिफॉर्म पहनते थे, तो वह काम के मामले में बहुत गंभीर रहते थे। लेकिन उन्होंने कहा कि अपने शुरुआती दिनों के उलट, अब वह काम और निजी जिंदगी के बीच सही संतुलन बनाए रखने और परिवार के साथ समय बिताने को ज्यादा अहमियत देते हैं।
आसमान में पेश चुनौतियों का भी जिक्र
स्मित ने हवा में पेश आई चुनौतियों के बारे में भी विस्तार से बताया, जिसमें एक घटना तब की है जब एक यात्री को समय से पहले प्रसव पीड़ा शुरू हो गई और क्रू ने मिलकर यह सुनिश्चित किया कि बच्चे का जन्म सुरक्षित रूप से हो। उन्होंने कहा, एविएशन की भाषा में कहूं तो मैं खुशकिस्मत था कि मैं ऐसे लोगों के बीच बड़ा हुआ जिन्होंने मुझे आज का पायलट बनने में मदद की। उन्होंने मुश्किल हालात का सामना करना सिखाने का श्रेय सीनियर पायलटों को दिया।
कभी आपात लैंडिंग नहीं की
कैप्टन मच्छार ने कहा कि उन्होंने जितने भी प्लेन उड़ाए हैं, उनमें से किसी की भी इमरजेंसी लैंडिंग नहीं करानी पड़ी। हालांकि, उन्हें मेडिकल इमरजेंसी और प्लेन में छोटी-मोटी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है, जिनकी वजह से देरी हुई।

