बेटा-बेटी समेत भाजपा में शामिल होंगे कैप्टन अमरिंदर सिंह, पार्टी का भी होगा विलय

Gaurav लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

अमरिंदर सिंह अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस का भी भाजपा में विलय करेंगे। इसके साथ ही उनके साथ उनकी पार्टी के कई अन्य नेता भी भाजपा का दामन थाम लेंगे।

बेटा-बेटी समेत भाजपा में शामिल होंगे कैप्टन अमरिंदर सिंह, पार्टी का भी होगा विलय

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब लोक कांग्रेस के प्रमुख कैप्टन अमरिंदर सिंह भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में सोमवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी में शामिल हो सकते हैं। जानकारी के मुताबिक अमरिंदर सिंह अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस का भी भाजपा में विलय करेंगे। इसके साथ ही उनके साथ उनकी पार्टी के कई अन्य नेता भी भाजपा का दामन थाम लेंगे।

वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पार्टी में शामिल होंगे
दरअसल, कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री पद से अचानक इस्तीफा देने के बाद पिछले साल कांग्रेस छोड़ दी थी और पंजाब लोक कांग्रेस का गठन किया था। पीएलसी के प्रवक्ता प्रीतपाल सिंह बलियावाल ने पहले बताया था कि सिंह सोमवार को दिल्ली में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पार्टी में शामिल होंगे। रीढ़ की हड्डी की सर्जरी के बाद लंदन से हाल में लौटने के बाद अमरिंदर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी।

उनके साथ बेटा और बेटी भी जॉइन करेंगे भाजपा
जानकारी के मुताबिक अमरिंदर सिंह रविवार को ही दिल्ली पहुंच गए थे। उनके साथ बेटा रण इंदर सिंह, बेटी जय इंदर कौर, मुक्तसर की पूर्व विधायक करण कौर और भदौड़ से पूर्व विधायक निर्मल सिंह भी भाजपा जॉइन करेंगे। इससे पूर्व कैप्टन के कई साथी भाजपा जॉइन कर चुके हैं। उधर भाजपा भी पंजाब में पार्टी के पुनर्गठन की तैयारी में है।

पटियाला के शाही परिवार से ताल्लुक रखते हैं
अमरिंदर सिंह ने 12 सितंबर को शाह के साथ अपनी मुलाकात के बाद कहा था कि उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा, पंजाब में मादक पदार्थ-आतंकवाद के बढ़ते मामलों और राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए भविष्य की रूपरेखा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर बहुत सार्थक चर्चा की। पंजाब के दो बार मुख्यमंत्री रह चुके सिंह पूर्ववर्ती पटियाला शाही परिवार से ताल्लुक रखते हैं।

बता दें कि पंजाब लोक कांग्रेस ने भाजपा और सुखदेव सिंह ढींढसा की अगुवाई वाले शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के साथ गठबंधन कर विधानसभा चुनाव लड़ा था। हालांकि उसका एक भी उम्मीदवार जीत हासिल नहीं कर पाया था और अमरिंदर खुद सिंह को भी अपने गढ़ पटियाला शहरी सीट पर शिकस्त मिली थी।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Gaurav

लेखक के बारे में

Gaurav

GAURAV PRABHAT PANDEY

और पढ़ें