पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील

हिन्दुस्तान, पूर्णिया
Follow us on Google News
share

पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। ग्रीनफील्ड पब्लिक स्कूल पूर्णिया के प्रांगण में सीबीएसई के तत्वावधान में आयोजित कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम के तह

पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील

पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। ग्रीनफील्ड पब्लिक स्कूल पूर्णिया के प्रांगण में सीबीएसई के तत्वावधान में आयोजित कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम के तहत ‘पर्यावरण शिक्षा एवं प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग पर विचार-विमर्श किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर वेन्यू डायरेक्टर राजीव कुमार ने कहा कि यदि पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तो हम सभी स्वस्थ और सुरक्षित रहेंगे। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बच्चे ही देश को सही दिशा प्रदान कर सकते हैं। रुग्ण शरीर में स्वस्थ मानसिकता की कल्पना नहीं की जा सकती, इसलिए पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य के बीच गहरा संबंध है।

उन्होंने कहा कि कार्यशाला से प्राप्त ज्ञान को शिक्षक विद्यार्थियों तक पहुंचाकर उनमें पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करेंगे। कार्यक्रम में संसारा एडवांस वर्ल्ड स्कूल पूर्णिया के राजेश रंजन तथा ब्राइट कैरियर स्कूल पूर्णिया के राजीव कुमार वर्मा रिसोर्स पर्सन के रूप में उपस्थित थे। दीप प्रज्ज्वलन के बाद वेन्यू डायरेक्टर ने दोनों विशेषज्ञों का बुके और शॉल भेंट कर स्वागत किया। विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। साथ ही सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। कार्यशाला में शामिल शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए। रिसोर्स पर्सन ने पर्यावरणीय चुनौतियों, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, जलवायु परिवर्तन तथा पर्यावरण शिक्षा की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने शिक्षकों के साथ संवाद स्थापित कर उनके सुझाव और अनुभव भी साझा किए। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों ने समूह चर्चा, वाद-विवाद, चित्रांकन एवं विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के उपायों पर चर्चा की। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षक रमेश मुर्मू ने किया। वक्ताओं ने कहा कि सीबीएसई द्वारा ‘एनवायरनमेंटल एजुकेशन एंड कंजर्वेशन ऑफ नेचुरल रिसोर्सेज’ जैसे महत्वपूर्ण विषय पर प्रशिक्षण आयोजित किया जाना इस बात का प्रमाण है कि पर्यावरण शिक्षा आज के विद्यार्थियों के लिए कितनी आवश्यक हो गई है। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने, वृक्षारोपण को बढ़ावा देने, जल संरक्षण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी तथा प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग पर जोर दिया। शिक्षकों ने अपने सुझावों के माध्यम से पर्यावरण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी को मजबूत करने की आवश्यकता बताई। सकारात्मक और उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित यह कार्यशाला पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश देकर संपन्न हुई।

इस खबर पर आपकी क्या राय है?

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें