फोन बजते ही स्क्रीन पर कॉलर का नंबर और नाम दिखेंगे
दूरसंचार विभाग ने 1 नवंबर 2026 से 4G और नई तकनीक वाले नेटवर्क पर कॉल करने वाले का नाम दिखाने की सुविधा लागू करने का निर्देश दिया है। नंबर फोन में सेव होने पर संपर्क सूची का नाम प्राथमिकता पाएगा, अन्यथा घरेलू कॉल के लिए दूरसंचार रिकॉर्ड का नाम दिखेगा। अंतरराष्ट्रीय कॉल पर ‘इंटरनेशनल कॉल’ लिखा आएगा।

नई दिल्ली, हिन्दुस्तान ब्यूरो। दूरसंचार विभाग ने एक नवंबर 2026 से मोबाइल नेटवर्क पर कॉल करने वाले का नाम दिखाने की सेवा लागू करने का निर्देश दिया है। इस सुविधा का नाम कॉलिंग नेम प्रेजेंटेशन है। इसके तहत फोन नंबर के साथ कॉल करने वाले का नाम भी दिखाई देगा। सेवा शुरू में 4G और इससे नई तकनीक वाले नेटवर्क पर लागू होगी। देशभर के सभी सेवा क्षेत्रों में दूरसंचार कंपनियों को यह सुविधा लागू करनी होगी। इसके लिए विभाग ने 13 अक्तूबर को सर्कुलर जारी किया है। 1. फोन पर क्या-क्या दिखाई देगा?
कॉल पर दिखने वाली जानकारी
आने वाली कॉल के समय मोबाइल स्क्रीन पर दो जानकारियां दिखाई देंगी। पहली, कॉल करने वाले का फोन नंबर और दूसरी, उसका नाम। इससे अनजान नंबर से आने वाली कॉल की पहचान करने में मदद मिलेगी।
2. क्या इसके लिए अलग से सेवा चालू करानी होगी?
नहीं। दूरसंचार कंपनियों को यह सुविधा ग्राहकों को बिना किसी अलग अनुरोध के उपलब्ध करानी होगी। यानी ग्राहकों को इसके लिए अलग से आवेदन करने या सदस्यता लेने की जरूरत नहीं होगी।
3. अगर फोन में नंबर सेव है, तो कौन-सा नाम दिखाई देगा?
अगर कॉल करने वाले का नंबर आपके मोबाइल की संपर्क सूची में सेव है, तो वहां दर्ज नाम ही दिखाई देगा। ऐसे में मोबाइल में सेव नाम को प्राथमिकता मिलेगी, न कि दूरसंचार कंपनी के रिकॉर्ड में दर्ज नाम को।
सेव न किए गए नंबर और नेटवर्क से जुड़े नियम
4. अगर नंबर सेव नहीं है, तो नाम कहां से आएगा?
अगर घरेलू कॉल करने वाले का नंबर सेव नहीं है, तो उसके दूरसंचार सेवा प्रदाता के ग्राहक रिकॉर्ड में दर्ज नाम स्क्रीन पर दिखाया जाएगा। यह नाम ग्राहक के दूरसंचार रिकॉर्ड पर आधारित होगा। इसलिए जरूरी नहीं कि वह नाम हो, जिससे व्यक्ति आमतौर पर जाना जाता है।
5. क्या अंतरराष्ट्रीय कॉल करने वाले का नाम भी दिखाई देगा?
अगर अंतरराष्ट्रीय नंबर आपके फोन में सेव नहीं है, तो स्क्रीन पर कॉल करने वाले का नाम दिखाने के बजाय ‘इंटरनेशनल कॉल’ लिखा दिखाई देगा। इससे उपयोगकर्ता को पता चल सकेगा कि कॉल अंतरराष्ट्रीय है।
6. क्या 2जी, 3जी और लैंडलाइन फोन पर भी यह सुविधा मिलेगी?
फिलहाल जारी निर्देशों के तहत यह सुविधा 4जी और इससे नई तकनीक वाले वायरलेस नेटवर्क पर लागू होगी। 2जी, 3जी और लैंडलाइन नेटवर्क पर इसे शुरू करने के बारे में अलग से विचार किया जाएगा। इसलिए इन नेटवर्कों पर एक नवंबर से सुविधा मिलने की पुष्टि नहीं है।
पहचान, छूट और शिकायतों का निपटारा
7. क्या इस सुविधा से फर्जी और स्पैम कॉल की समस्या खत्म हो जाएगी?
केवल नाम दिखाई देने से फर्जी कॉल या धोखाधड़ी पूरी तरह खत्म होने की गारंटी नहीं है। कॉल करने वाले का नाम और उसकी वास्तविक पहचान अलग भी हो सकती है।
8. क्या कोई व्यक्ति अपना नाम स्क्रीन पर दिखने से रोक सकता है?
जिन ग्राहकों ने निर्धारित नियमों के तहत कॉलिंग लाइन आइडेंटिफिकेशन प्रतिबंध की सुविधा ली हुई है, उनका नाम स्क्रीन पर नहीं दिखाया जाएगा। यह छूट मौजूदा दिशा-निर्देशों के अनुरूप होगी।
9. क्या कंपनियां अपने ग्राहक सेवा नंबर पर मनचाहा नाम दिखा सकेंगी?
कारोबारी और बड़ी संख्या में कनेक्शन रखने वाले ग्राहक अपना पसंदीदा नाम दिखाने का अनुरोध कर सकेंगे। इसके लिए नाम का ट्रेडमार्क पंजीकृत होना या जीएसटी पोर्टल पर व्यापारिक नाम के रूप में दर्ज होना जरूरी होगा। दूरसंचार कंपनी मूल दस्तावेजों से इसकी जांच करेगी।
10. गलत नाम दिखने पर शिकायत की जा सकेगी?
नई व्यवस्था के तहत फोन कंपनियों को गलत नाम या सेवा से जुड़ी शिकायतों के निपटारे के लिए समयबद्ध व्यवस्था बनानी होगी।

