गर्मी में खुलेंगी और सर्दी में बंद होंगी मोम वाली टाइल
कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों ने मोम पर आधारित स्मार्ट टाइल्स बनाई हैं, जो बिना बिजली या बैटरी के काम करती हैं। ये टाइलें गर्मियों में घर को ठंडा रखने और सर्दियों में गर्म रखने में मदद करती हैं, जिससे एसी और हीटिंग लागत में काफी कमी आती है। परीक्षण में इसके प्रभाव भी प्रमाणित हुए हैं।

कैलिफोर्निया, एजेंसी। भविष्य में घरों को ठंडा रखने और बिजली का बिल घटाने के लिए कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों ने स्मार्ट टाइल तैयार की हैं। इन्हें चलाने के लिए न तो बिजली, सेंसर या बैटरी की जरूरत होती है और न ही किसी मोटर की। ये पूरी तरह से मोम पर आधारित ‘वैक्स मोटर’ से काम करती हैं। मोम एक ऐसी सामग्री है, जो गर्मी पाकर पिघलती और फैलती है, जिससे टाइल में लगा पिस्टन सक्रिय हो जाता है और टाइल खुल जाती हैं। टाइल की निचली सफेद सतह धूप और गर्मी को आसमान में रिफ्लेक्ट कर देती है, जिससे मकान तपता नहीं है।
मौसम ठंडा होने पर मोम सिकुड़ जाती है और टाइल बंद हो जाती हैं। इसकी ऊपरी काली सतह धूप सोखकर घर को गर्म रखती है। विश्वविद्यालय की छत पर हुई टेस्टिंग में पाया गया कि ये टाइल कूलिंग (एसी) की लागत को 3.1 गुना और हीटिंग की लागत को 2.6 गुना तक कम कर देती हैं।


