स्वर्ण बांड प्रमाणपत्र के नाम पर वृद्ध से 75 लाख ठगे, केस दर्ज
रांची में व्यवसायी बीरेंद्र कुमार जायसवाल से स्वर्ण बांड प्रमाणपत्र के नाम पर 75 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। पीड़ित ने धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। आरोपियों ने सोने के प्रमाणपत्र का लुभावना प्रस्ताव देकर निरीक्षण के बिना पैसे लिए और बाद में धमकाने लगे।

रांची, प्रमुख संवाददाता। चुटिया थाना क्षेत्र के राजनगर निवासी व्यवसायी बीरेंद्र कुमार जायसवाल (61) से स्वर्ण बांड प्रमाणपत्र की खरीद-बिक्री के नाम पर 75 लाख रुपये की धोखाधड़ी हो गई। पीड़ित की शिकायत पर चुटिया थाना पुलिस ने ओमप्रकाश सिंह, मिथिलेश गुप्ता, सोनू सिंह और 18 से अधिक अन्य आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। बीरेंद्र के अनुसार, आरोपियों ने भारतीय रिजर्व बैंक के नाम से 31.950 किलोग्राम सोने के प्रमाणपत्र का सौदा करने का प्रस्ताव दिया था। उनके झांसे में आकर पीड़ित ने 31 मार्च, 7 अप्रैल और 25 जून को तीन किस्तों में कुल 75 लाख रुपये दिए, जिसके लिए बाकायदा इकरारनामा भी किया गया था।रकम
देने के बाद जब उन्होंने राशि वापस मांगी, तो आरोपी टालमटोल करने लगे और बाद में धमकी देते हुए मोबाइल बंद कर लिए। जांच करने पर दिए गए पते पर संबंधित व्यक्ति नहीं मिले। पुलिस पीड़ित की मांग पर तकनीकी जांच कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

