हाईवे पर ट्रोला से रोडवेज बस टकराने से एक की मौत, 15 घायल
हाथरस के अलीगढ़ रोड पर एक सड़क दुर्घटना में एक यात्री की मौत हो गई और 15 घायल हो गए। यह घटना तब हुई जब बस एक ट्रोला से टकरा गई। बस फर्रुखाबाद से दिल्ली जा रही थी और पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतक की पहचान रंजीत के रूप में हुई है।

हाथरस-सिकंदराराऊ, संवाददाता। कोतवाली क्षेत्र के अलीगढ़ रोड स्थित हाईवे के गांव अरनोट के पास मंगलवार की देर रात सामने से आ रहे वाहन को बचाने के चलते आगे चल रहे ट्रोला से रोडवेज बस पीछे से टकरा गइ गई, जिससे बस में सवार एक यात्री की मौत हो गई। जबकि 15 यात्री घायल हो गए। बस फर्रुखाबाद से दिल्ली जा रही थी। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी भिजवाया, जहां से दो घायलों को गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार मंगलवार को फर्रुखाबाद से सवारी लेकर कौशांबी डिपो की बस दिल्ली जा रही थी।
रात करीब एक बजे जैसे ही बस हाईवे स्थित गांव अरनोट पर पहुंची तो सामने से आ रहे किसी वाहन को बचाने के चक्कर में बस आगे चल रहे लोहे की चादरों से लदे ट्रोला में पीछे से जा घुसी। टक्कर लगते ही बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर मौके पर तमाम ग्रामीण पहुंच गये। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। हादसे में बस में सवार 35 वर्षीय रंजीत पुत्र लालाराम निवासी अमृतपुर जिला फर्रुखाबाद की मौत हो गई। जबकि नीतेश कुमार, राकेश कुमार, लाडली देवी निवासी पुरानी दिल्ली तथा दीपक कुमार व अमित कुमार सहित लगभग 15 यात्री घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी भिजवाया गया। यहां से गंभीर रूप से घायल दीपक कुमार निवासी मऊ दरवाजा फर्रुखाबाद तथा अमित कुमार निवासी अमृतपुर को गंभीर हालत के चलते अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वही आंशिक रूप से घायल लगभग एक दर्जन सवारी बिना उपचार कराये ही अपनी गंतव्य को रवाना हो गईं। पुलिस ने मृतक यात्री के शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।


