बस कंडक्टर ने महिला को पीटा, कपड़े फाड़े
हिन्दुस्तान, बरेली
बरेली में एक महिला ने बस कंडक्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसने सामान उतारने के विवाद के चलते उसे पीटा और उसके कपड़े फाड़ दिए। महिला का आरोप है कि कंडक्टर ने उसके पति को गाली दी और लोहे की रॉड से हमला किया। यह घटना 13 जुलाई को हुई थी।

बरेली, मुख्य संवाददाता। सामान उतारने के विवाद में बस कंडक्टर ने महिला को पीटकर कपड़े फाड़ दिए। इस मामले में थाना बिथरी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बिथरी क्षेत्र की महिला का कहना है कि 13 जुलाई को वह अपनी दुकान का सामान लेने पति के साथ बरेली गई थी। लौटते समय बस में सामान रखने के दौरान रजपुरी नवादा निवासी कंडक्टर पंकज यादव से कहासुनी हो गई। शाम लगभग छह बजे कमुआ मोड़ पर बस से उतरने के बाद उन्होंने कंडक्टर पंकज से सामान उतारने को कहा तो वह उनके पति से गालीगलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने लोहे की रॉड से हमला कर दिया और उनके कपड़े फाड़ दिए।
भीड़ जमा होने पर वह बस लेकर भाग गया। इस दौरान उनका एक कुंडल भी टूटकर कहीं गिर गया। पुलिस ने उनकी तहरीर पर कंडक्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।


