एक्सप्रेसवे पर ट्रक में घुसी ओवरस्पीड बस, 15 घायल
तालग्राम में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार बस ट्रक से भिड़ गई। इस हादसे में बस चालक समेत 15 लोग घायल हुए, जिनमें से आठ की हालत गंभीर है। चालक को स्टीयरिंग में फंसने के बाद क्रेन से बाहर निकाला गया। पुलिस और एंबुलेंस घटना स्थल पर पहुंची और राहत कार्य किया।

तालग्राम, संवाददाता। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के तेज रफ्तार बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से घुस गई। हादसे में बस चालक समेत 15 लोग घायल हो गए। इनमें आठ की हालत गंभीर होने पर उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा में भर्ती कराया गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक स्टेयरिंग में फंस गया, जिसे क्रेन और हाइड्रा की मदद से करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया। नई दिल्ली की लक्ष्मी हॉलीडेज कंपनी की बस करीब 45 यात्रियों को लेकर गोरखपुर जा रही थी। सुबह करीब 4:15 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 172 पर तालग्राम टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार के कारण बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से टकरा गई।
हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक मेरठ के निशानी गेट, समर कॉलोनी निवासी इंतजार (37) पुत्र इस्लाम स्टेयरिंग में फंस गया। उसके बाएं पैर में गंभीर चोट आई। सूचना मिलते ही थाना तालग्राम पुलिस, पीआरवी, यूपीडा सुरक्षा टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर चालक को बाहर निकाला गया। हादसे में हनुमान यादव (45) पुत्र रामफेर, निवासी गांव बूढ़ी बलार, थाना दुधारा, जनपद संतकबीरनगर, उनकी पत्नी सुनीता (40), पुत्र शिवम (15) एवं ऋतिक (10), अभिषेक (19) पुत्र दशरथ पासवान, निवासी एम्स क्षेत्र, गोरखपुर, सौभाग्य (25) पुत्र नीरज कुमार पांडेय, निवासी चिताकाल, गोरखपुर तथा गोकुल (25) पुत्र लोकनादन, निवासी सेलम, तमिलनाडु सहित कुल 15 लोग घायल हुए। इनमें आठ घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य सात घायलों का प्राथमिक उपचार कराया गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। बस में सवार अन्य यात्रियों को दूसरी बसों के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। बाद में क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया। थाना प्रभारी रंजना पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया दुर्घटना तेज रफ्तार के कारण हुई प्रतीत हो रही है। मामले की जांच की जा रही है।


