अराजक तत्वों ने बस पर किया पथराव
संतकबीरनगर के सीहापार हाल्ट ओवरब्रिज के पास कुछ अराजक तत्वों ने बस पर ईंट-पत्थर फेंके। चालक ने बस को सेमरा गांव के पास रोका और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच की और बताया कि अज्ञात व्यक्तियों ने बस को क्षतिग्रस्त किया। यात्रियों को दूसरी बस में शिफ्ट किया गया।

संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। लखनऊ -गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सीहापार हाल्ट ओवरब्रिज के पास कुछ अराजक तत्वों ने एक बस पर ईंट-पत्थर फेंके। चालक ने बस को सेमरा गांव के पास लाकर खड़ी की और पुलिस को सूचना दी। कोतवाल जय प्रकाश दूबे ने बताया कि पीआरबी से सूचना प्राप्त हुई कि हाईवे स्थित सेमरा गांव के पास एक बस को ईंट-पत्थर से हमला करके क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। एसआई रामाश्रय यादव ने सहयोगी पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की। पूछताछ में पाया कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गोरखपुर जिले के सहजनवा क्षेत्र के सीहापार हाल्ट फ्लाईओवर के पास बस क्षतिग्रस्त की गई है।
बस प्रतिदिन जनपद देवरिया से दिल्ली जाती है। मौके पर ड्राइवर राजवीर ने बताया कि बस मालिक शिवम सिंह से वार्ता की गई है। वह एक बस यहीं पर भेज रहे हैं। सभी यात्रियों को उसमें शिफ्ट करके उनके गंतव्य स्थान पर रवाना किया जा रहा है।


